गुरैया सब्जी मंडी में साप्ताहिक प्राकृतिक जैविक हाट बाजार ने पूरे किए 25 सप्ताह
छिंदवाड़ा(पंचायत दिशा समाचार)शासन के निर्देशानुसार दिनांक 13 दिसंबर 2025 से गुरैया सब्जी मंडी में प्रारंभ किए गए साप्ताहिक प्राकृतिक जैविक हाट बाजार ने आज अपने सफल संचालन के 25 सप्ताह पूर्ण कर लिए हैं। इस अवसर पर प्राकृतिक एवं जैविक खेती करने वाले किसानों, जो अपने जैविक उत्पादों का विक्रय इस साप्ताहिक हाट बाजार में कर रहे हैं, ऐसे किसानों का सम्मान किया गया।

आयोजित कार्यक्रम में डीआईजी श्री राकेश कुमार सिंह, उप संचालक कृषि श्री जितेंद्र कुमार सिंह, उप संचालक पशुपालन एवं डेयरी विभाग डॉ. एच.जी.एस. पक्षवार, उप संचालक उद्यानिकी श्री एम.एल. उइके, कृषि विज्ञान केंद्र चंदनगांव के प्रमुख वैज्ञानिक डॉ. आर.के. झाड़े, डॉ. रिया ठाकुर, सहायक संचालक श्री धीरज ठाकुर, श्रीमती सरिता सिंह सहित कृषि विभाग का मैदानी अमला, बड़ी संख्या में शहरवासी एवं जैविक उत्पादों के उपभोक्ता उपस्थित रहे।

साप्ताहिक प्राकृतिक जैविक हाट बाजार को लेकर आमजन में निरंतर उत्साह देखा जा रहा है। किसानों द्वारा लाए जा रहे जैविक अनाज, फल, सब्जियां एवं मिलेट्स उत्पाद दोपहर तक लगभग पूर्ण रूप से विक्रय हो जाते हैं। इस पहल से जहां प्राकृतिक एवं जैविक खेती करने वाले किसानों को उनके उत्पादों का उचित मूल्य प्राप्त हो रहा है, वहीं उपभोक्ताओं को शुद्ध एवं विषमुक्त खाद्य सामग्री उपलब्ध हो रही है।
किसानों ने बताया कि उन्हें प्रत्येक साप्ताहिक हाट बाजार में लगभग 2 हजार रुपये से 7 हजार रुपये तक का शुद्ध लाभ प्राप्त हो रहा है। किसानों ने सम्मान के लिए जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया।








