छिंदवाड़ा प्रवास पर विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, जनप्रतिनिधियों एवं वरिष्ठ भाजपा नेताओं से की आत्मीय मुलाकात
छिंदवाड़ा। मध्य प्रदेश विधानसभा के माननीय अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर शनिवार को अपने एक दिवसीय प्रवास पर छिंदवाड़ा पहुंचे। छिंदवाड़ा आगमन पर उनका आत्मीय स्वागत किया गया। प्रवास के दौरान उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों एवं वरिष्ठ नेताओं से भेंट कर विभिन्न समसामयिक विषयों पर चर्चा की।

अपने प्रवास की शुरुआत में विधानसभा अध्यक्ष श्री तोमर ने स्थानीय सर्किट हाउस पहुंचकर जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों से मुलाकात की तथा क्षेत्र के विकास एवं जनहित से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श किया।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार श्री तोमर ने सांसद विवेक बंटी साहू के निवास पहुंचकर सौजन्य भेंट की। इसके पश्चात वे भाजपा नेता विजय झांझरी के निवास पर पहुंचकर मुलाकात की।
इसके उपरांत विधानसभा अध्यक्ष श्री तोमर पूर्व मंत्री चौधरी चंद्रभान सिंह के निवास पहुंचे। यहां उन्होंने पूर्व मंत्री से मुलाकात कर प्रदेश एवं क्षेत्र के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार साझा किए।

प्रवास के अंतिम चरण में श्री तोमर भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव के निवास पहुंचे, जहां उन्होंने शेषराव यादव एवं उनके परिवारजनों से आत्मीय भेंट की इस अवसर पर संगठन की गतिविधियों, जनसेवा एवं क्षेत्रीय विकास के विषयों पर सार्थक चर्चा हुई। इसके उपरान्त विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने पूर्व मंत्री दीपक सक्सेना के निवास ग्राम रोहना पहुंचकर आत्मीय मुलाकात की।
विधानसभा अध्यक्ष के इस दौरे को संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उनके प्रवास ने कार्यकर्ताओं एवं जनप्रतिनिधियों में उत्साह का संचार किया तथा पार्टी संगठन को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में सकारात्मक संदेश दिया।








