Home CITY NEWS रिटायरमेंट से पहले अधिकारी का अनोखा सम्मान: छात्रों ने भेंट किए ‘बेशरम’...

रिटायरमेंट से पहले अधिकारी का अनोखा सम्मान: छात्रों ने भेंट किए ‘बेशरम’ के फूल, भविष्य में ऐसे अधिकारी न आने की प्रार्थना

रिटायरमेंट से पहले अधिकारी का अनोखा सम्मान: छात्रों ने भेंट किए ‘बेशरम’ के फूल, भविष्य में ऐसे अधिकारी न आने की प्रार्थना
जबलपुर(पंचायत दिशा समाचार) जनजातीय कार्य विभाग के एक अधिकारी के सेवानिवृत्ति से पहले छात्रों ने अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। छात्र-छात्राओं ने अधिकारी को ‘बेशरम’ के फूल भेंट कर अपनी नाराजगी जाहिर की और भगवान से प्रार्थना की कि भविष्य में विभाग में ऐसा अधिकारी दोबारा न आए।
छात्र नेताओं का आरोप है कि संबंधित अधिकारी के कार्यकाल के दौरान विद्यार्थियों की समस्याओं की लगातार अनदेखी की गई। छात्र संघ के पदाधिकारियों का कहना है कि छात्रावासों में रहने वाले छात्र-छात्राएं अपनी विभिन्न समस्याओं को लेकर कई बार विभागीय कार्यालय पहुंचे, लेकिन उनकी शिकायतों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। हर बार केवल आश्वासन देकर उन्हें वापस भेज दिया गया।


छात्र संघ के अध्यक्ष के अनुसार, अधिकारी ने लगभग एक वर्ष पूर्व पदभार ग्रहण किया था। इस दौरान छात्रावासों से जुड़ी व्यवस्थाओं, भोजन, सुरक्षा और अन्य मूलभूत समस्याओं को लेकर कई शिकायतें सामने आईं, लेकिन समाधान नहीं हुआ। छात्रों का कहना है कि लगातार उपेक्षा के कारण उन्हें विरोध का यह तरीका अपनाना पड़ा।
वहीं छात्र संघ के उपाध्यक्ष महेश अहिरवार ने आरोप लगाया कि अधिकारी के कार्यकाल में कई पदस्थापनाएं कथित रूप से लेन-देन के आधार पर की गईं। उनका दावा है कि छात्रावासों से जुड़ी शिकायतों पर निष्पक्ष कार्रवाई करने के बजाय संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को संरक्षण दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि विद्यार्थियों द्वारा शिकायत किए जाने के बाद भी दोषी कर्मचारियों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।


छात्र नेताओं ने मांग की है कि छात्रावासों और विभागीय कार्यप्रणाली से जुड़े मामलों की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा विद्यार्थियों की शिकायतों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने विभागीय कार्यप्रणाली में सुधार और जवाबदेही तय करने की भी मांग उठाई।
नोट: उक्त समाचार में लगाए गए आरोप छात्र नेताओं एवं प्रदर्शनकारियों के बयानों पर आधारित हैं। संबंधित अधिकारी अथवा विभाग का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।