छिंदवाड़ा में प्री मानसून की दस्तक, मौसम हुआ सुहाना, किसानों के चेहरे खिले
छिंदवाड़ा (पंचायत दिशा समाचार)। जिले में आखिरकार मानसून ने दस्तक दे दी है। शनिवार से जिले के विभिन्न क्षेत्रों में हुई बारिश के बाद मौसम पूरी तरह बदल गया है। लंबे समय से भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों को राहत मिली है। छिंदवाड़ा जिले के पातालकोट के छिंदी ग्राम में आज बारिश दर्ज की गई, बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे मौसम सुहाना हो गया।
जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में हुई वर्षा से खेतों में नमी बढ़ गई है, जिससे किसानों में उत्साह का माहौल है। किसान अब खरीफ फसलों की बुवाई की तैयारियों में जुट गए हैं। कृषि विशेषज्ञों के अनुसार मानसून की अच्छी शुरुआत फसलों के लिए लाभदायक साबित हो सकती है।
बारिश के कारण कई स्थानों पर सड़कों पर पानी भर गया, वहीं बच्चों और युवाओं ने भी बारिश का आनंद लिया। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में जिले के कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना जताई है।
किसानों का कहना है कि समय पर मानसून आने से धान, मक्का, सोयाबीन एवं अन्य खरीफ फसलों की बुवाई में मदद मिलेगी। वहीं आम नागरिकों ने भी गर्मी से राहत मिलने पर संतोष व्यक्त किया है।
मानसून की पहली बारिश ने जहां लोगों को गर्मी से राहत दी है, वहीं किसानों के लिए अच्छी खेती की उम्मीद भी जगा दी है।








