Home CITY NEWS चौरई क्षेत्र में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, 70.89 लीटर विदेशी मदिरा...

चौरई क्षेत्र में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, 70.89 लीटर विदेशी मदिरा जब्त

चौरई क्षेत्र में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, 70.89 लीटर विदेशी मदिरा जब्त
छिन्दवाड़ा (पंचायत दिशा समाचार)। जिले के चौरई क्षेत्र में आबकारी विभाग को बड़ी सफलता मिली है। विभाग द्वारा की गई कार्रवाई में 70.89 लीटर विदेशी शराब जब्त की गई। आबकारी अमला इन दिनों जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में लगातार कार्रवाई करता नजर आ रहा है।
जानकारी के अनुसार वृत्त चौरई के अंतर्गत 27 एवं 28 मई 2026 की मध्य रात्रि में गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना के आधार पर आबकारी विभाग की टीम ने चौरई थाना क्षेत्र के कपूर्दा मार्ग स्थित रेलवे ब्रिज के पास एक चार पहिया वाहन हुंडई वैन्यू क्रमांक MP 28 ZA 2334 को रोककर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान वाहन से 04 पेटी रॉयल स्टैग व्हिस्की, 02 पेटी ऑफिसर्स चॉइस व्हिस्की तथा 02 पेटी मैजिक मोमेंट ऑरेंज वोडका बरामद की गई। कुल मिलाकर 70.89 लीटर विदेशी मदिरा जब्त की गई।
मामले में आरोपी प्रिंस जैन एवं अंकित बेलवंशी को आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) क एवं 34(2) के अंतर्गत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
जब्त वाहन एवं मदिरा की कुल अनुमानित कीमत लगभग 10 लाख 85 हजार रुपये बताई जा रही है।
इस कार्रवाई के दौरान सहायक जिला आबकारी अधिकारी श्री राजेश सिंघल, आबकारी आरक्षक श्री सचिन श्रीवास्तव एवं सुश्री भारती मरकाम उपस्थित रहीं।