वनग्राम चोपन टेकरी में कृषि विभाग का अभिनव प्रयास, रात्रिकालीन ई-विकास कैंप से वनपट्टा किसानों को मिली बड़ी राहत
छिन्दवाड़ा (पंचायत दिशा समाचार)। किसानों को शासन की योजनाओं का त्वरित लाभ दिलाने के उद्देश्य से कृषि विभाग द्वारा वन क्षेत्रों में विशेष पहल की जा रही है। इसी क्रम में विकासखंड परासिया के वनग्राम चोपन टेकरी में रात्रिकालीन ई-विकास प्रणाली कैंप का आयोजन किया गया, जहां वनपट्टा धारी किसानों का पंजीयन कर उन्हें खरीफ सीजन के लिए उर्वरक प्राप्त करने की दिशा में बड़ी सुविधा प्रदान की गई।
कृषि विभाग के निर्देशानुसार वन ग्रामों में विशेष कैंप लगाए जा रहे हैं ताकि दूरस्थ क्षेत्रों के किसानों को भी योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सके। रात्रिकालीन कैंप के माध्यम से बड़ी संख्या में वनपट्टा धारी किसानों का ई-विकास प्रणाली में पंजीयन किया गया। अधिकारियों ने किसानों को बताया कि पंजीयन के उपरांत वनपट्टा भूमि का सत्यापन एसडीएम परासिया की लॉगिन आईडी से किया जाएगा। अप्रूवल प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद किसानों को ई-टोकन जारी किए जाएंगे, जिससे वे संबंधित समिति, मार्कफेड एवं निजी आदान विक्रेता केंद्रों से अपनी खरीफ फसलों हेतु उर्वरक प्राप्त कर सकेंगे।
ग्रामीणों ने कृषि विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि पहली बार वन ग्राम में पहुंचकर इस प्रकार रात्रिकालीन कैंप आयोजित किया गया है, जिससे किसानों को काफी सुविधा मिली है।
इस अवसर पर अनुविभागीय कृषि अधिकारी परासिया श्री प्रमोद सिंह उट्टी, कृषि विस्तार अधिकारी उमरेठ श्री जी.एस. वाडीवा, स्थानीय कृषि आदान विक्रेता श्री पवन पवार, श्री मोहित पवार, ग्राम कोटवार श्री राम प्रसाद मस्तकार, ग्राम पटेल श्री शिव प्रसाद भलावी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण कृषक उपस्थित रहे।








