Home CITY NEWS बच्चों की शिक्षा और आत्मनिर्भरता पर राज्यपाल का जोर, Mangubhai Patel ने...

बच्चों की शिक्षा और आत्मनिर्भरता पर राज्यपाल का जोर, Mangubhai Patel ने महिलाओं को देसी उत्पादन बढ़ाने का दिया संदेश…

बच्चों की शिक्षा और आत्मनिर्भरता पर राज्यपाल का जोर, Mangubhai Patel ने महिलाओं को देसी उत्पादन बढ़ाने का दिया संदेश
पांढुरना (पंचायत दिशा समाचार) मध्यप्रदेश के राज्यपाल Mangubhai Patel गुरुवार को पांढुर्णा जिले के दौरे पर पहुंचे, जहां उन्होंने सावरी एवं आमला क्षेत्र में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेकर ग्रामीण विकास, शिक्षा और आत्मनिर्भरता को लेकर महत्वपूर्ण संदेश दिए। राज्यपाल के आगमन को लेकर सुबह से ही प्रशासनिक अमला पूरी तरह सक्रिय नजर आया तथा कार्यक्रम स्थलों पर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं के व्यापक इंतजाम किए गए थे।


दौरे के दौरान राज्यपाल ने महिलाओं से संवाद करते हुए कहा कि वे स्थानीय और देसी उत्पादों के निर्माण एवं उपयोग को बढ़ावा दें, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और महिलाओं को रोजगार एवं आत्मनिर्भरता के नए अवसर मिलेंगे। उन्होंने कहा कि शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए और इसके लिए प्रशासन एवं समाज दोनों की सहभागिता जरूरी है।
राज्यपाल ने अभिभावकों से बच्चों को नियमित रूप से स्कूल भेजने और शिक्षा के प्रति जागरूक रहने की अपील करते हुए कहा कि शिक्षित समाज ही विकसित राष्ट्र की मजबूत नींव होता है। उन्होंने कहा कि सरकार बच्चों को बेहतर शिक्षा, पोषण और सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है तथा सभी पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ मिलना चाहिए।


दौरे के दौरान राज्यपाल ने एक आदिवासी परिवार के साथ बैठकर भोजन भी किया। इस दौरान उन्होंने परिवार के सदस्यों से आत्मीय चर्चा की और उनकी जीवनशैली, रोजगार एवं सरकारी योजनाओं के लाभ की जानकारी ली। राज्यपाल का यह सहज और आत्मीय व्यवहार ग्रामीणों के बीच चर्चा का विषय बना रहा।


कार्यक्रमों में जिला प्रशासन के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, महिला समूह, कृषि एवं ग्रामीण विकास विभाग के कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। राज्यपाल के दौरे को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह और गौरव का माहौल देखने को मिला।