Home CITY NEWS पेंच बफर जोन में मिले संदिग्ध अवशेषों से उठे सवाल, ग्रामीणों ने...

पेंच बफर जोन में मिले संदिग्ध अवशेषों से उठे सवाल, ग्रामीणों ने निष्पक्ष जांच की मांग

पेंच बफर जोन में मिले संदिग्ध अवशेषों से उठे सवाल, ग्रामीणों ने निष्पक्ष जांच की मांग
छिंदवाड़ा (पंचायत दिशा)बिछुआ। Pench National Park के बफर जोन अंतर्गत बंधान बीट के थोटामाल क्षेत्र के जंगल में संदिग्ध जले हुए कंकाल और राख जैसे अवशेष मिलने के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। मामले को लेकर ग्रामीणों ने वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह तेंदूपत्ता संग्रहण के लिए जंगल गए कुछ ग्रामीणों ने जंगल के भीतर राख और जले हुए हड्डीनुमा अवशेष देखे। ग्रामीणों द्वारा इसकी सूचना वन विभाग के कर्मचारियों को दी गई, जिसके बाद विभागीय अमला मौके पर पहुंचा।


ग्रामीणों का आरोप है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए वैज्ञानिक जांच की प्रक्रिया अपनाई जानी चाहिए थी, लेकिन बिना किसी सार्वजनिक फॉरेंसिक या पशु चिकित्सकीय रिपोर्ट के प्रारंभिक स्तर पर इसे “मवेशी के अवशेष” बताया गया। हालांकि इस संबंध में विभाग की ओर से कोई विस्तृत आधिकारिक रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं की गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि घटनास्थल मुख्य मार्ग से काफी अंदर घने जंगल में स्थित है, जिससे कई सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्रामीणों ने मांग की है कि अवशेषों की पहचान के लिए फॉरेंसिक जांच कराई जाए, ताकि वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके।


मामले को लेकर यह भी चर्चा रही कि पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची थी, लेकिन ग्रामीणों के अनुसार मौके पर साक्ष्य संकलन और दस्तावेजी प्रक्रिया को लेकर स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई। इस कारण क्षेत्र में संदेह और बढ़ गया है।
कुछ ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि यदि मामला किसी वन्यजीव से जुड़ा हुआ है, तो इसकी गंभीरता से जांच होना आवश्यक है। हालांकि अब तक किसी संरक्षित वन्यजीव के शिकार की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
मीडियाकर्मियों द्वारा विभागीय अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास भी किया गया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक विस्तृत आधिकारिक प्रतिक्रिया प्राप्त नहीं हो सकी।
स्थानीय नागरिकों और ग्रामीणों ने जिला प्रशासन एवं वरिष्ठ वन अधिकारियों से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा जांच रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए, ताकि किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रम की स्थिति समाप्त हो सके।