Home CITY NEWS कचरा टैक्स घटाने का प्रस्ताव परिषद से गायब, नगर निगम की कार्यप्रणाली...

कचरा टैक्स घटाने का प्रस्ताव परिषद से गायब, नगर निगम की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल..!

कचरा टैक्स घटाने का प्रस्ताव परिषद से गायब, नगर निगम की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल..!

एमआईसी में 600 रुपए का प्रस्ताव पास होने के बावजूद परिषद बैठक में नहीं आया मामला, पार्षदों ने भी जताई आपत्ति..!

छिंदवाड़ा (पंचायत दिशा समाचार)
शहर में कचरा टैक्स को लेकर नगर निगम छिंदवाड़ा की कार्यप्रणाली एक बार फिर सवालों के घेरे में है। नगर निगम की एमआईसी (मायनॉरिटी इन काउंसिल) बैठक में कचरा टैक्स को 1200 रुपए से घटाकर 600 रुपए करने का प्रस्ताव पारित किए जाने की जानकारी सामने आई थी, जिससे आम नागरिकों को राहत की उम्मीद जगी थी।


हालांकि, सोमवार को आयोजित नगर निगम परिषद की बैठक में यह प्रस्ताव प्रस्तुत ही नहीं किया गया। बैठक में मौजूद कुछ पार्षदों ने इस पर सवाल उठाते हुए स्पष्टता की मांग की।
सूत्रों के अनुसार, निगम अधिकारियों की ओर से यह तर्क दिया गया कि कचरा टैक्स से संबंधित निर्णय शासन स्तर का विषय है, इसलिए परिषद में इसे शामिल नहीं किया गया। इस स्पष्टीकरण के बाद मामले को लेकर और अधिक भ्रम की स्थिति बन गई है।
इस पूरे घटनाक्रम ने शहर के निवासियों के बीच असमंजस पैदा कर दिया है। नागरिकों का कहना है कि यदि प्रस्ताव लागू होना ही नहीं था, तो इसे पहले सार्वजनिक क्यों किया गया।
वहीं, कुछ जनप्रतिनिधियों ने भी बैठक के दौरान इस मुद्दे पर अपनी आपत्ति दर्ज कराते हुए पारदर्शिता की आवश्यकता पर जोर दिया।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि कचरा टैक्स में कमी का प्रस्ताव भविष्य में लागू होगा या नहीं। नगर निगम की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक और स्पष्ट घोषणा सामने नहीं आई है।

कचरा टैक्स को लेकर स्थिति अभी भी अस्पष्ट बनी हुई है। ऐसे में शहरवासियों को राहत मिलेगी या नहीं, यह आने वाले दिनों में निगम और शासन स्तर पर लिए जाने वाले निर्णयों पर निर्भर करेगा।