Home CITY NEWS 305 करोड़ का बजट पास, विकास को मिलेगी रफ्तार — नारी शक्ति...

305 करोड़ का बजट पास, विकास को मिलेगी रफ्तार — नारी शक्ति वंदन प्रस्ताव भी सर्वसम्मति से पारित..

305 करोड़ का बजट पास, विकास को मिलेगी रफ्तार — नारी शक्ति वंदन प्रस्ताव भी सर्वसम्मति से पारित

छिंदवाड़ा(पंचायत दिशा समाचार)नगर पालिक निगम परिषद की सोमवार को आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 का लगभग 305 करोड़ रुपये का बजट सहित कई अहम प्रस्तावों को सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई। करीब दो घंटे से अधिक चली इस बैठक में शहर के समग्र विकास, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और महिला सशक्तिकरण से जुड़े मुद्दों पर व्यापक चर्चा हुई।


बैठक में महापौर विक्रम सिंह अहके, निगम अध्यक्ष धर्मेंद्र सोनू मागो, आयुक्त सी.पी. राय, उपायुक्त कमलेश निर्गुणकर, निगम सचिव मोहन नागदेव सहित सभी सभापति, पार्षद एवं अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
बैठक की शुरुआत डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके बाद ‘नारी शक्ति वंदन’ प्रस्ताव पर चर्चा करते हुए इसे मध्यप्रदेश नगर पालिका अधिनियम की धाराओं के तहत सर्वसम्मति से पारित किया गया। इस दौरान महिलाओं के सशक्तिकरण से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ।


बजट में संतुलन, मामूली लाभ का अनुमान
नगर निगम द्वारा प्रस्तुत बजट में
कुल आय: 305 करोड़ 95 लाख 3 हजार 500 रुपये
कुल व्यय: 305 करोड़ 94 लाख 88 हजार 500 रुपये
अनुमानित लाभ: 15 हजार रुपये
राजस्व आय 154.59 करोड़ और पूंजीगत आय 151.35 करोड़ रुपये निर्धारित की गई है। बजट को संतुलित बताते हुए निगम ने विकास कार्यों को प्राथमिकता दी है।


जल व्यवस्था पर बड़ा फोकस
शहर की जल आपूर्ति सुधारने के लिए
180 किमी पाइपलाइन बिछाने
5 नई पानी की टंकियों का निर्माण
कुल लागत करीब 75 करोड़ रुपये
यह कार्य अमृत 2.0 योजना के तहत किया जाएगा, जिससे शहरवासियों को बेहतर पेयजल सुविधा मिलने की उम्मीद है।
फायर स्टेशन और मशीनरी भी बढ़ेगी
निगम ने आपात सेवाओं को मजबूत करने के लिए
2 नई जेसीबी मशीनों की खरीद
2 करोड़ रुपये से नए फायर स्टेशन का निर्माण
का प्रावधान रखा है।
ट्रांसपोर्ट नगर को मिली मंजूरी
शहर के यातायात प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए
सारसवाड़ा और माल्हनवाड़ा में 198550 वर्गमीटर भूमि पर ट्रांसपोर्ट नगर बनेगा
करीब 46.92 करोड़ रुपये की डीपीआर तैयार
यह परियोजना शहर के ट्रैफिक दबाव को कम करने में अहम भूमिका निभाएगी।
बस टर्मिनल और टाउनशिप का रास्ता साफ
जामुनझिरी क्षेत्र में
बस टर्मिनल
कमर्शियल कॉम्प्लेक्स
इंटीग्रेटेड टाउनशिप
के लिए 11.003 हेक्टेयर (27.18 एकड़) भूमि आवंटन को मंजूरी दी गई।
निगम भूमि लीज पर देने का निर्णय
चंदनगांव बोदरी पुल के पास स्थित निगम की भूमि को लीज पर देने के प्रस्ताव को भी हरी झंडी मिली, जिससे राजस्व बढ़ाने की दिशा में कदम उठाया गया है।
शहर विकास को मिलेगी नई रफ्तार
बैठक में सभी प्रस्तावों के सर्वसम्मति से पारित होने के बाद यह स्पष्ट है कि नगर निगम अब शहर में आधारभूत ढांचे के विकास, जल व्यवस्था, यातायात और शहरी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए तेजी से काम करेगा।
(पंचायत दिशा समाचार)