जब थाना ही सुरक्षित नहीं, तो जनता की सुरक्षा कैसे? — युवक कांग्रेस का तीखा सवाल..!
छिंदवाड़ा(पंचायत दिशा समाचार) शहर में बढ़ते अपराधों और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए नगर युवक कांग्रेस ने पुलिस प्रशासन को घेरा है। कोतवाली थाना परिसर से अधिवक्ता की मोटरसाइकिल चोरी होने की घटना को लेकर युवक कांग्रेस ने पुलिस अधीक्षक के नाम नगर पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा।
युवक कांग्रेस का कहना है कि जब पुलिस थाना परिसर ही सुरक्षित नहीं है, तो आम जनता की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित होगी। उन्होंने आरोप लगाया कि जिले में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और पुलिस की निष्क्रियता के कारण कानून व्यवस्था कमजोर होती जा रही है।
थाने के भीतर चोरी, पुलिस पर उठे सवाल
गत दिनों कोतवाली थाना परिसर से अधिवक्ता संतकुमार पाल की मोटरसाइकिल चोरी हो गई। इस घटना को लेकर कांग्रेस नेताओं ने कहा कि सीसीटीवी फुटेज होने के बावजूद पुलिस अब तक आरोपियों तक नहीं पहुंच सकी है, जो पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर प्रश्न खड़े करता है।
अपराधियों में खत्म हुआ खौफ
जिला युवक कांग्रेस अध्यक्ष गोलू पटेल के निर्देश पर सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि जिले में लगातार चोरी, ठगी और अन्य अपराध बढ़ रहे हैं। मंदिरों की दान पेटियों से लेकर मकानों तक चोर सक्रिय हैं और अब पुलिस थाना परिसर भी उनकी पहुंच में आ गया है।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि पुलिस अपनी जिम्मेदारियों से हटकर राजनीतिक प्रभाव में काम कर रही है, जिससे अपराधियों में कानून का डर खत्म हो गया है।
11 सूत्रीय मांगों के साथ सौंपा ज्ञापन
युवक कांग्रेस ने ज्ञापन के माध्यम से कई महत्वपूर्ण मांगें रखीं, जिनमें प्रमुख रूप से—
शहर में रात्रि गश्त बढ़ाई जाए (रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक)
भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पैदल गश्त शुरू की जाए
बंद पड़े सीसीटीवी कैमरे चालू कर संख्या बढ़ाई जाए
संदिग्ध वाहनों की सघन जांच अभियान चलाया जाए
किराएदारों और होटलों में ठहरने वालों का सत्यापन किया जाए
ऑनलाइन ठगी के मामलों में त्वरित कार्रवाई हो
महिला सुरक्षा के लिए विशेष पुलिस दस्ता तैनात किया जाए
नशा और अवैध शराब पर सख्त कार्रवाई हो
जनता की सुरक्षा भगवान भरोसे
युवक कांग्रेस नेताओं ने कहा कि वर्तमान हालात में जनता की सुरक्षा भगवान भरोसे है। यदि पुलिस ने जल्द ठोस कदम नहीं उठाए, तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान कई कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।







