रेत माफियाओं पर प्रशासन का ‘सर्जिकल स्ट्राइक’, पोकलेन समेत 3 वाहन जप्त — मचा हड़कंप
रिपोर्ट -ठा.रामकुमार राजपूत
पांढुर्णा(पंचायत दिशा समाचार) जिले में रेत माफियाओं के खिलाफ प्रशासन ने अब खुला मोर्चा खोल दिया है। कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ के सख्त निर्देश पर सौंसर क्षेत्र में राजस्व, पुलिस और खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने ताबड़तोड़ छापेमारी कर माफियाओं की कमर तोड़ दी।
शोभना नदी बनी अवैध खनन का अड्डा
गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए टीम ने ग्राम बिछुआबग्गू स्थित शोभना नदी में छापा मारा, जहां खुलेआम पोकलेन मशीन से शासकीय जमीन को खोदकर रेत निकाली जा रही थी। मौके पर ही टाटा हिताची पोकलेन मशीन जप्त कर ली गई। यह साफ हुआ कि बिना किसी अनुमति के बड़े पैमाने पर खनन चल रहा था।

सड़क पर भी माफिया सक्रिय, 2 ट्रैक्टर-ट्रॉली धराए
कार्रवाई यहीं नहीं रुकी। बिछुआबग्गू-खैरीबडोसा मार्ग पर घेराबंदी कर टीम ने अवैध रेत ढो रहे दो ट्रैक्टर-ट्रॉली (MP28ZC3126, MP28AC5196) को पकड़ लिया। रेत सहित दोनों वाहनों को जप्त कर सौंसर थाने में खड़ा कराया गया।

कलेक्टर कोर्ट में चलेगा मामला, भारी जुर्माना तय
तीनों मामलों में खनिज नियमों के तहत प्रकरण दर्ज कर कलेक्टर न्यायालय पांढुर्णा भेजने की तैयारी है, जहां माफियाओं पर भारी जुर्माना और सख्त कार्रवाई तय मानी जा रही है।
अधिकारियों की सख्ती से माफियाओं में खौफ
एसडीएम सिद्धार्थ पटेल, नायब तहसीलदार अशोक अडमे, सहायक खनि अधिकारी महेश नगपुरे समेत पूरी टीम की इस कार्रवाई ने साफ कर दिया है—अब अवैध खनन पर ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति लागू है।
सीधा संदेश: अब नहीं बचेगा कोई भी रेत माफिया
प्रशासन की इस आक्रामक कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया है। सूत्रों के मुताबिक, आने वाले दिनों में और भी बड़ी कार्रवाई की तैयारी है। अब रेत माफियाओं के लिए बच निकलना आसान नहीं होगा।







