Home CITY NEWS केन्द्रीय मंत्री दुर्गादास उईके 11 अप्रैल को तामिया दौरे पर…

केन्द्रीय मंत्री दुर्गादास उईके 11 अप्रैल को तामिया दौरे पर…

केन्द्रीय मंत्री दुर्गादास उईके 11 अप्रैल को तामिया दौरे पर…
छिंदवाड़ा (पंचायत दिशा समाचार)। केन्द्रीय जनजातीय कार्य राज्य मंत्री श्री दुर्गादास उईके 11 अप्रैल 2026 को जिले के तामिया क्षेत्र के दौरे पर रहेंगे। जारी संशोधित कार्यक्रम के अनुसार मंत्री विभिन्न बैठकों, निरीक्षणों और जनप्रतिनिधियों से संवाद करेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के तहत श्री उईके प्रातः 7 बजे बैतूल से प्रस्थान कर सुबह 10:30 बजे वन विश्राम गृह तामिया पहुंचेंगे, जहां वे स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं जनजातीय प्रतिनिधियों के साथ बैठक करेंगे। इसके बाद प्रातः 11 बजे जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित होगी।
प्रातः 11:30 बजे मंत्री शासकीय महाविद्यालय तामिया का निरीक्षण कर विद्यार्थियों से संवाद करेंगे। दोपहर 1:30 बजे वे मोयापानी होमस्टे में भोजन एवं विश्राम करेंगे। इसके पश्चात दोपहर 2:30 बजे आवासीय खेल परिसर तथा 3 बजे ईएमआरएस आवासीय विद्यालय तामिया का निरीक्षण करेंगे।
दौरे के अंत में मंत्री शाम 4 बजे तामिया से बैतूल के लिए प्रस्थान करेंगे। इस दौरान वे क्षेत्र में संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश भी देंगे।
तामिया महाविद्यालय भवन लोकार्पण पर असमंजस, कार्यक्रम क्यों बदला?
तामिया स्थित शासकीय महाविद्यालय भवन के प्रस्तावित लोकार्पण कार्यक्रम को लेकर असमंजस की स्थिति बन गई है। पहले जारी कार्यक्रम में केन्द्रीय जनजातीय कार्य राज्य मंत्री दुर्गादास उईके द्वारा भवन के लोकार्पण का उल्लेख था, लेकिन संशोधित कार्यक्रम में यह बिंदु हटा दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, जनसंपर्क विभाग द्वारा एक दिन पहले जारी समाचार में महाविद्यालय भवन के लोकार्पण का कार्यक्रम शामिल था। वहीं, अगले ही दिन जारी संशोधित कार्यक्रम में केवल निरीक्षण और विद्यार्थियों से चर्चा का उल्लेख किया गया है। इससे यह सवाल उठ रहा है कि आखिर लोकार्पण कार्यक्रम क्यों निरस्त किया गया।
स्थानीय स्तर पर विभिन्न तरह की चर्चाएं सामने आ रही हैं। कुछ लोगों का कहना है कि संभवतः भवन का लोकार्पण पहले ही किया जा चुका है, जबकि अन्य का मानना है कि प्रशासनिक कारणों से कार्यक्रम में बदलाव किया गया। हालांकि, इस संबंध में प्रशासन या जनसंपर्क विभाग की ओर से कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है।
फिलहाल, मंत्री के दौरे में महाविद्यालय का निरीक्षण और संवाद कार्यक्रम यथावत रखा गया है। ऐसे में लोकार्पण को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है और लोगों में जिज्ञासा बनी हुई है।