Home CITY NEWS प्रतिबंधित ई-सिगरेट बेचते दुकानदार पर पुलिस की सख्त कार्रवाई, 68 हजार का...

प्रतिबंधित ई-सिगरेट बेचते दुकानदार पर पुलिस की सख्त कार्रवाई, 68 हजार का माल जब्त

प्रतिबंधित ई-सिगरेट बेचते दुकानदार पर पुलिस की सख्त कार्रवाई, 68 हजार का माल जब्त
छिंदवाड़ा[पंचायत दिशा समाचार] कोतवाली पुलिस ने प्रतिबंधित इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट (ई-सिगरेट) के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक दुकानदार को पकड़ा है। आरोपी के कब्जे से हजारों रुपये कीमत का माल जब्त कर उसके खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना प्रभारी कोतवाली के निर्देशन में अवैध व प्रतिबंधित वस्तुओं की बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए विशेष पुलिस टीम गठित की गई थी। इसी दौरान 4 अप्रैल 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि मानसरोवर बस स्टैंड के सामने स्थित “सीसा हाउस” नामक दुकान में प्रतिबंधित इलेक्ट्रिक सिगरेट का भंडारण कर बिक्री की जा रही है।
सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। दुकान के काउंटर पर बैठे व्यक्ति ने अपना नाम बसंत उर्फ गुलशन गोगिया (61 वर्ष) निवासी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, चंदनगांव, छिंदवाड़ा बताया। तलाशी के दौरान दुकान से इलेक्ट्रिक वेप (ई-सिगरेट) के 34 सीलबंद पैकेट, जिनकी कुल कीमत लगभग ₹68,000 आंकी गई, बरामद किए गए।
पुलिस द्वारा जब उक्त सामग्री के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे गए तो आरोपी कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। जांच में पाया गया कि आरोपी द्वारा इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट प्रतिबंध अधिनियम की धारा 4-ए का उल्लंघन किया जा रहा था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सभी प्रतिबंधित सामग्री जब्त कर उसके खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है तथा आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
कोतवाली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि प्रतिबंधित वस्तुओं के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।