चना खरीदी शुरू नहीं, नियमों के जाल में फंसे किसान
बायोमेट्रिक व आधार ओटीपी की अनिवार्यता से बढ़ी परेशानी, वृद्ध किसानों को केंद्र तक लाना बना चुनौती
छिंदवाड़ा (पंचायत दिशा समाचार)
जिले में अब तक समर्थन मूल्य पर चना खरीदी शुरू नहीं हो सकी है, जिससे किसानों में नाराज़गी बढ़ती जा रही है। एक ओर खरीदी में देरी हो रही है, वहीं दूसरी ओर सरकार द्वारा लागू किए गए नए नियम किसानों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन रहे हैं।
खरीदी प्रक्रिया में इस बार बायोमेट्रिक सत्यापन और आधार ओटीपी को अनिवार्य कर दिया गया है। इन जटिल प्रक्रियाओं के चलते खासकर छोटे और सीमांत किसान खुद को असहज महसूस कर रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में नेटवर्क की समस्या और तकनीकी जानकारी की कमी भी किसानों की मुश्किलें बढ़ा रही है।
किसानों का कहना है कि कई मामलों में जमीन बुजुर्ग माता-पिता के नाम पर है, जो शारीरिक रूप से कमजोर हैं। ऐसे में उन्हें खरीदी केंद्र तक लाना आसान नहीं है। ऊपर से खरीदी केंद्रों पर लंबी कतारों में घंटों इंतजार करना पड़ता है, जिससे स्थिति और भी गंभीर हो जाती है।
एक किसान ने बताया, “हमारे पिता के नाम जमीन है, वे बुजुर्ग हैं। उन्हें लेकर दिनभर खरीदी केंद्र में बैठना पड़ता है, तब कहीं जाकर नंबर आता है। सरकार को इस समस्या को समझना चाहिए।”
किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि खरीदी प्रक्रिया को सरल बनाया जाए और बायोमेट्रिक व ओटीपी जैसी अनिवार्यताओं में राहत दी जाए, ताकि वास्तविक किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
प्रशासन का पक्ष:
इस संबंध में संबंधित अधिकारियों का कहना है कि शासन के निर्देशानुसार पारदर्शिता बनाए रखने के लिए बायोमेट्रिक और ओटीपी सत्यापन लागू किया गया है। हालांकि, किसानों की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए आवश्यक सुधारों पर विचार किया जा सकता है। वही कल कृषि उपसंचालक एवं कृषि विभाग के अधिकार ने ईसरा उमरिया खरीदी केंद्र में जाकर कल खरीदी प्रारंभ की थी लेकिन आज वहां खरीदी बंद रही वहीं चौरई विकासखंड में तो अभी तक खरीदी चालू नहीं हुई है , खरीदी केंद्र प्रभारी का कहना है कि कल ही हमें टैग मिले हैं एक-दो दिन में खरीदी चालू कर देंगे
जटिल नियमों से किसानों के सामने परेशानी..!
चना खरीदी में देरी और जटिल नियमों के कारण किसानों की परेशानी बढ़ती जा रही है। यदि समय रहते समाधान नहीं निकाला गया, तो यह मुद्दा आने वाले समय में बड़ा आंदोलन का रूप ले सकता है।







