Home CITY NEWS निगम की मनमानी पर कांग्रेस का हमला, “छूट नहीं, लूट का बोलबाला”...

निगम की मनमानी पर कांग्रेस का हमला, “छूट नहीं, लूट का बोलबाला” — सोनू मागो

निगम की मनमानी पर कांग्रेस का हमला, “छूट नहीं, लूट का बोलबाला” — सोनू मागो
छिंदवाड़ा (पंचायत दिशा समाचार)नगर पालिक निगम की कार्यप्रणाली और बढ़ाए गए स्वच्छता कर को लेकर शहर की सियासत गरमा गई है। शहर कांग्रेस अध्यक्ष धर्मेन्द्र सोनू मागो ने भाजपा शासित निगम पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि सरकार की नीतियों में “छूट” नहीं बल्कि “लूट” हावी है और आम जनता को लगातार गुमराह किया जा रहा है।
मागो ने जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि निगम ने पहले स्वच्छता कर को 120 रुपए से बढ़ाकर सीधे 1200 रुपए कर दिया, जिससे जनता पर दस गुना आर्थिक बोझ पड़ा। इसके बाद एमआईसी की बैठक में इसे घटाकर 600 रुपए करने का प्रस्ताव पास कर जनता के बीच राहत का माहौल बनाने की कोशिश की गई, लेकिन हकीकत कुछ और ही निकली।


“घोषणा पहले, मंजूरी बाद में” — उठे सवाल
कांग्रेस ने सवाल उठाया है कि जब स्वच्छता कर कम करने के प्रस्ताव पर शासन की मुहर ही नहीं लगी थी, तो भाजपा ने जनता के बीच राहत की घोषणा क्यों की। बाद में निगम द्वारा यह प्रस्ताव शासन को भेजे जाने से यह स्पष्ट हुआ कि पहले की गई घोषणा महज भ्रम फैलाने का प्रयास थी।
मागो ने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्षदों द्वारा लगातार विरोध और आंदोलन के बावजूद निगम ने मनमाने तरीके से कर वृद्धि लागू की। जब जनता में आक्रोश बढ़ा, तो भाजपा ने कर कम करने की “अफवाह” फैलाकर स्थिति संभालने की कोशिश की।
मूलभूत सुविधाओं पर भी सवाल..?
कांग्रेस ने निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल
उठाते हुए कहा कि शहर के कई इलाकों और करीब दो दर्जन गांवों में नियमित पेयजल आपूर्ति तक नहीं हो पा रही है। वहीं साफ-सफाई की स्थिति भी बदहाल है। इसके बावजूद निगम का फोकस सुविधाओं की बजाय टैक्स वसूली पर अधिक है।
नियमों का हवाला, प्रस्ताव पर पुनर्विचार..
प्रेस विज्ञप्ति में यह भी बताया गया कि 17 मार्च की एमआईसी बैठक में पारित प्रस्ताव को आयुक्त द्वारा नियमों के तहत पुनर्विचार के लिए लौटाया गया है। इससे यह स्पष्ट होता है कि टैक्स कम करने का निर्णय अभी अंतिम नहीं है और प्रक्रिया अधूरी है।
आंदोलन की चेतावनी
मागो ने साफ कहा कि यदि स्वच्छता कर को पहले की तरह 120 रुपए नहीं किया गया, तो कांग्रेस जनहित में लगातार आंदोलन करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा जनता के साथ छल कर रही है और अब लोग सड़कों पर उतरने को तैयार हैं।
नगर में स्वच्छता कर को लेकर छिंदवाड़ा में राजनीतिक घमासान तेज…!
स्वच्छता कर को लेकर छिंदवाड़ा में राजनीतिक घमासान तेज हो गया है। एक ओर कांग्रेस इसे जनता पर “लूट” बता रही है, वहीं निगम की ओर से अभी अंतिम निर्णय का इंतजार है। आने वाले दिनों में यह मुद्दा और तूल पकड़ सकता है।