एक साल में ही जर्जर हुई स्कूल की बाउंड्री वॉल, घटिया निर्माण से बच्चों की सुरक्षा पर खतरा..?
छिंदवाड़ा (पंचायत दिशा समाचार)
जिले के आदिवासी विकासखंड बिछुआ अंतर्गत ग्राम पंचायत घाटकामटा में सरकारी निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं। यहां शासकीय मिडिल स्कूल परिसर में बच्चों की सुरक्षा के उद्देश्य से बनाई गई बाउंड्री वॉल महज एक वर्ष के भीतर ही जर्जर हालत में पहुंच गई है। दीवार में कई स्थानों पर गहरी दरारें पड़ गई हैं, जिससे इसके कभी भी गिरने का खतरा बना हुआ है।
ग्रामीणों के अनुसार बाउंड्री वॉल का निर्माण करीब एक वर्ष पहले कराया गया था। उस समय उम्मीद जताई जा रही थी कि इससे स्कूल परिसर सुरक्षित होगा और बच्चों को सुरक्षित वातावरण मिलेगा। लेकिन निर्माण कार्य में कथित रूप से घटिया सामग्री का उपयोग किए जाने के कारण दीवार में जगह-जगह दरारें दिखाई देने लगी हैं। दीवार की वर्तमान स्थिति को देखकर ग्रामीणों और अभिभावकों में चिंता का माहौल है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस बाउंड्री वॉल की मरम्मत या पुनर्निर्माण नहीं कराया गया तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों के लिए यह दीवार खतरा बन सकती है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से पूरे निर्माण कार्य की जांच कराने और जिम्मेदार ठेकेदार तथा अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की लापरवाही दोबारा न हो।
घाटकामटा के शासकीय मिडिल स्कूल की बाउंड्री वॉल में पड़ी दरारें, जो निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल खड़े कर रही हैं।







