महापौर की अध्यक्षता में हुई बैठक, नक्शे पास एवं जल प्रदाय संबंधी कार्यों समेत कई मुद्दों पर हुई चर्चा
छिंदवाड़ा (पंचायत दिशा )नगर निगम सभाकक्ष में महापौर विक्रम अहके की अध्यक्षता में निगम आयुक्त सी.पी. राय की उपस्थिति में विभिन्न वार्डों के पार्षदों, नगर निगम के इंजीनियरों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। करीब दो घंटे तक चली इस बैठक में जिला भाजपा अध्यक्ष श्री शेषराव यादव एवं उपाध्यक्ष अजय सक्सेना विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कॉलोनियों एवं भूखंडों के नक्शे स्वीकृत कराने की प्रक्रिया को अधिक सुगम और सुविधाजनक..
बैठक में कॉलोनियों एवं भूखंडों के नक्शे स्वीकृत कराने की प्रक्रिया को अधिक सुगम और सुविधाजनक बनाने पर विस्तृत चर्चा की गई। इस विषय पर महापौर ने शीघ्र समाधान निकालने के निर्देश दिए। आगामी ग्रीष्म ऋतु को ध्यान में रखते हुए जल प्रदाय से जुड़े निर्माण कार्यों में तेजी लाने के भी निर्देश दिए गए, ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। पार्षदों की मांग पर इंजीनियरों द्वारा विभिन्न वार्डों में कराए जा रहे निर्माण कार्यों की सूची लागत सहित प्रस्तुत की गई। जानकारी दी गई कि 15 निर्माण कार्य पूर्ण किए जा चुके हैं, जबकि 3 कार्य अभी प्रगति पर हैं और उन्हें शीघ्र पूरा किया जाएगा।
बैठक में ई-ऑफिस के माध्यम से फाइलों के संचालन पर भी चर्चा की गई। इस दौरान निर्णय लिया गया कि लंबित फाइलों सहित सभी प्रकरणों का निराकरण 10 मार्च तक अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही वार्डों में सड़कों के निर्माण एवं सीवर संबंधी कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
महापौर ने कहा कि चुंगी राशि में बढ़ोतरी के लिए शासन स्तर पर चर्चा की जाएगी। साथ ही, चूंकि छिंदवाड़ा नगर निगम क्षेत्र में कई नए गांव शामिल हुए हैं, इसलिए विशेष बजट की मांग भी शासन से की जाएगी। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत अधिक से अधिक हितग्राहियों को लाभान्वित करने के विषय में भी विचार-विमर्श किया गया।
बैठक के अंत में महापौर ने सभी जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए विकास कार्यों में तेजी लाने और आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए गंभीरता से कार्य करने के निर्देश दिए।







