हर्रई के संदीपनि विद्यालय में शिक्षकों की अटैचमेंट पर उठे सवाल, आदेशों के बाद भी नहीं हुई वापसी..?
ग्रामीण स्कूलों में शिक्षकों की कमी से पढ़ाई प्रभावित, जांच की मांग तेज
छिंदवाड़ा (पंचायत दिशा समाचार)। हर्रई विकासखंड में शिक्षकों की अटैचमेंट को लेकर एक बार फिर विवाद गहरा गया है। जानकारी के अनुसार संदीपनि विद्यालय हर्रई में अटैच किए गए तीन शिक्षक अब तक अपनी मूल पदस्थापना वाली शालाओं में वापस नहीं भेजे गए हैं, जबकि संबंधित अधिकारियों द्वारा वापसी के निर्देश जारी किए जा चुके हैं।
सूत्रों के मुताबिक प्राथमिक शाला चिलक के शिक्षक नेहरू महोबे, प्राथमिक शाला मोहनीघाट के राधू साहू तथा माध्यमिक शाला तिन्सई की शिक्षिका श्रीमति सीमा राजपूत वर्तमान में संदीपनि विद्यालय हर्रई में अटैच हैं। बताया जा रहा है कि इन शिक्षकों को मूल विद्यालयों में वापस भेजने के आदेश होने के बावजूद अब तक कार्रवाई नहीं हो सकी है।
शिक्षक कर रहे आदेशों की अनदेखी?
स्थानीय लोगों का आरोप है कि आदेशों की अनदेखी कर शिक्षकों को अटैच रखने से ग्रामीण क्षेत्रों के स्कूलों में शिक्षकों की भारी कमी बनी हुई है, जिससे विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। प्राथमिक और माध्यमिक स्कूलों में पहले से ही स्टाफ की कमी है, ऐसे में शिक्षकों की अटैचमेंट से बच्चों का शैक्षणिक भविष्य प्रभावित हो रहा है।
ग्रामीण एवं अभिभावकों ने जिला प्रशासन से कार्रवाई की रखी मांग..!
ग्रामीणों और अभिभावकों ने प्रशासन से मांग की है कि आदेशों का सख्ती से पालन कर शिक्षकों को शीघ्र उनकी मूल संस्था में पदस्थ किया जाए, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई सुचारू रूप से संचालित हो सके।
सूत्रों के अनुसार विकासखंड शिक्षा अधिकारी द्वारा भी शिक्षकों को मूल पदस्थापना स्थल पर भेजने के निर्देश दिए जा चुके हैं, लेकिन अब तक अमल नहीं हो पाया है। इस पूरे मामले में विभागीय जांच की मांग भी उठने लगी है।
अब देखना यह होगा कि जनजातीय विभाग के सहायक आयुक्त के आदेशों का पालन कब तक सुनिश्चित होता है और ग्रामीण स्कूलों को शिक्षकों की कमी से कब राहत मिलती है।







