किसान कल्याण वर्ष 2026 के अंतर्गत जिला स्तरीय तीन दिवसीय कृषि मेला एवं मिलेट फूड फेस्टिवल का हुआ भव्य शुभारम्भ
मिलेट्स के स्वास्थ्य लाभों की मिली जानकारी, मिलेट्स व्यंजनों का उठाया आनंद
श्री अन्न जागरूकता रोड शो और ऑरेंज फेस्टिवल भी रहे आकर्षण का केंद्र
प्रसिद्ध कलाकारों ने दी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मनमोहा
मिलेट्स(श्री अन्न) मानव स्वास्थ्य के लिए वरदान – मिलेट्स वैज्ञानिक डॉ. शुक्ला
छिन्दवाड़ा(पंचायत दिशा समाचार ) किसान कल्याण वर्ष 2026 के अंतर्गत शासन की मंशा के अनुरूप कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन के निर्देशन में जिला प्रशासन एवं कृषि विभाग द्वारा आयोजित तीन दिवसीय जिला स्तरीय कृषि मेला एवं मिलेट फूड फेस्टिवल सह रोड शो 2026 का गुरुवार को पोला ग्राउंड (दशहरा मैदान) में भव्य शुभारम्भ हुआ। मेले की औपचारिक शुरूआत कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन, पुलिस अधीक्षक श्री अजय पाण्डेय, नगर निगम महापौर श्री विक्रम अहके, श्री शेषराव यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संजय पुन्हार और मुख्य महाप्रबंधक नाबार्ड भोपाल श्रीमती सी.सरस्वती द्वारा रिबन काटकर की गई।

जिसके बाद मां सरस्वती के पूजन – अर्चन के साथ कार्यक्रम की पारंपरिक शुरूआत की गई। जिसके बाद राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया गया। इस अवसर पर सभी जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने मेला स्थल में लगे जिले के एफपीओ, स्व सहायता समूहों, कृषकों एवं पड़ोसी जिले नरसिंहपुर, डिंडौरी, मंडला के किसनों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया और विभिन्न उत्पादों के संबंध में जानकारी भी प्राप्त की। शुभारम्भ कार्यक्रम के बाद जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों द्वारा मिलेट्स जागरूकता रोड शो को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। कार्यक्रम के दौरान श्री विजय पांडे, श्री कमलेश उइके,श्री भारत घई, श्री संजय पटेल जी , श्री मेर सिंह चौधरी, श्री टीकाराम चंद्रवंशी, श्री कांता ठाकुर,श्री रामाकांत ,श्री तरुण सोनी,श्री अनीस पटेल, श्री लाडे सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, उप संचालक कृषि श्री जितेन्द्र कुमार सिंह सहित कृषि एवं सह सम्बन्ध विभागों के सभी अधिकारी, कृषि वैज्ञानिक, कृषक भाई एवं बहनें, गणमान्य नागरिक और पत्रकार बंधु उपस्थित थे।

स्वागत उद्बोधन – स्वागत उद्बोधन में उपसंचालक कृषि श्री जितेंद्र कुमार सिंह ने अवगत कराया कि मध्यप्रदेश शासन द्वारा वर्ष 2026 को किसान कल्याण वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। शासन के निर्देशानुसार श्री अन्न (मिलेट्स) फसलों जैसे कोदो, कुटकी, सवां, ज्वार, बाजरा एवं रागी के उत्पादन, प्रसंस्करण, मूल्य संवर्धन एवं विपणन को बढ़ावा देने तथा कृषकों, युवाओं, उद्यमियों, एफपीओ और उपभोक्ताओं को जोड़ने के उद्देश्य से इस जिला स्तरीय तीन दिवसीय कृषि मेला एवं मिलेट्स फूड फेस्टिवल का आयोजन पोला ग्राउंड, छिन्दवाड़ा में 26 से 28 फरवरी 2026 तक प्रातः 11 से रात्रि 9 बजे तक किया जा रहा है। ओरेंज फेस्टिवल एवं उद्यानिकी के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित उद्यानिकी प्रशिक्षण का भी उल्लेख किया गया।

किसानों और जिलेवासियों के लिए संदेश – कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री शेषराव यादव ने सभी से अपने दैनिक जीवन में मिलेट व्यंजनों को शामिल कर स्वस्थ्य रहने की अपील की।महापौर श्री विक्रम अहके ने जिले में आयोजित मिलेट फेस्टिवल की सराहना करते हुए जिले के सभी किसानों से इस मेले और कृषकों के लिए शासन द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संजय पुन्हार ने किसानों, एफपीओ, एच एस जी द्वारा प्रदर्शित उत्पादों की सराहना करते हुए शहरवासियों को भी मिलेट्स व्यंजनों की उपयोगिया के प्रति जागरूक होने का संदेश दिया। सीजीएम नाबार्ड श्रीमती सी सरस्वती ने मिलेट्स फेस्टिवल के साथ आयोजित ओरेंज फेस्टिवल कि रूप रेखा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस तरह के मेले किसानों को उत्पाद बेचने के लिए एक अच्छा प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराने और उनकी नेटवर्किंग बढ़ाने के लिए आयोजित किये जाते हैं, जिले के किसान इनका अधिक से अधिक लाभ उठाएं। जबलपुर से पधारे मिलेट्स वैज्ञानिक डॉ. शुक्ला ने श्री अन्न को मानव स्वास्थ्य के लिए वरदान बताया और मिलेट्स के सेवन के सही तरीकों की जानकारी दी।

जिला प्रशासन एवं कृषि विभाग द्वारा समस्त जिलावासियों से अपील की गई है कि वे अधिक से अधिक संख्या में परिवार सहित मेले में सम्मिलित होकर मिलेट्स व्यंजनों का आनंद लें और उनके स्वास्थ्य लाभों की जानकारी प्राप्त करें। कार्यक्रम 28 फरवरी 2026 तक प्रतिदिन प्रात: 11:00 बजे से रात्रि 09:00 बजे तक संचालित रहेगा।

30 से अधिक मिलेट्स व्यंजनों के स्टॉल – मेले में जिले के एफपीओ, स्व-सहायता समूह, एनजीओ एवं निजी संस्थाओं द्वारा 30 से अधिक फूड स्टॉल लगाए गए हैं। प्रमुख रूप से पातालकोट की रसोई एवं वनभोज की रसोई द्वारा मक्के की रोटी, टमाटर की चटनी, बैंगन भर्ता, कुटकी चावल, मिलेट्स चीला/डोसा, रागी सूप, मक्के की भेल, कुटकी की खीर, महुआ की पूड़ी, मक्के का खूद, महेरी, लड्डू, मकर संक्रांति विशेष मिठाइयाँ एवं बाजरे की खिचड़ी जैसे देशी व्यंजन आमजन के लिए उपलब्ध हैं। विभिन्न स्टॉलों पर ज्वार, बाजरा, कोदो, कुटकी एवं रागी से बने व्यंजनों का विक्रय किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त जिले में उत्पादित चिरौंजी की बर्फी, स्ट्रॉबेरी, शहद, कच्ची घानी का तेल, गुड़ पाउडर एवं क्यूब, कोदो-कुटकी चावल आदि के स्टॉल आकर्षण का केंद्र हैं।

कार्यक्रम में ऑरेंज फेस्टीवल, एक जिला एक उत्पाद कार्यशाला एवं बॉयर सेलर मीटिंग, श्री अन्न जागरूकता रोड शो, मिलेट (श्री अन्न) व्यंजन स्टॉल, सांस्कृतिक कार्यक्रम, आधुनिक कृषि तकनीकी का प्रदर्शन, उद्यानिकी कृषि संगोष्ठी एवं प्रर्दशनी, किसान संगोष्ठी पर परिचर्चा, उन्नत बीज एवं कृषि यंत्र प्रदर्शनी एवं जैविक एवं प्राकृतिक उत्पाद स्टॉल भी आकर्षण का केंद्र
रहे ।

तकनीकी मिलेट्स गैलरी और सांस्कृतिक कार्यक्रम रहे आकर्षण – मेले में तकनीकी मिलेट्स गैलरी बनाई गई है, जिसमें युवाओं एवं शहरवासियों को मिलेट्स के पोषण महत्व से अवगत कराया जा रहा है तथा उन्हें दैनिक भोजन में शामिल करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। ऑरेंज फेस्टिवल के तहत नाबार्ड समर्थित एफपीओ द्वारा ऑरेंज स्टॉल लगाए गए हैं।
तीन दिवसीय आयोजन के दौरान आदिवासी अंचलों की संस्कृति को लोकगीत एवं लोकनृत्य के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। अतिथियों के स्वागत में प्रस्तुत भारिया आदिवासियों का भड़म नृत्य और भारिया श्रीजी वृंदावन आर्ट द्वारा प्रस्तुत कालबेलिया नृत्य भी सभी के आकर्षण का केंद्र रहा प्रसिद्ध गायिका श्रीमती शालिनी चौहान, श्रीमती अलका वानखेड़े, गायक श्री निशांत बादशाह और दूरदर्शन आकाशवाणी के राष्ट्रीय कलाकार श्री बसंत कावड़े व श्री सुखनंदन अहके की प्रस्तुतियों ने भी उपस्थित सभी जनों का मनमोहा।
विभिन्न विभागों की सहभागिता से सफल आयोजन– मेला स्थल पर कृषि विभाग द्वारा मिलेट्स एवं जैविक/प्राकृतिक उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई है। वन विभाग द्वारा ‘वन भोज रसोई’ के माध्यम से मिलेट्स व्यंजन प्रस्तुत किये जा रहे हैं। उद्यानिकी विभाग द्वारा फ्लावर शो, टेरिस गार्डनिंग एवं प्रदर्शनी आयोजित की गई है। पशुपालन एवं डेयरी विभाग द्वारा दुग्ध उत्पाद, शुद्ध प्राकृतिक घी एवं एटू मिल्क के स्टॉल लगाए गए हैं। एनआरएलएम समूहों द्वारा जैविक उत्पाद, मिलेट्स व्यंजन, जैविक गुलाल, गो-कास्ट उत्पाद एवं टेराकोटा सामग्री विक्रय के लिए उपलब्ध कराई गई है । नगर पालिक निगम द्वारा ‘वेस्ट टू बेस्ट’ थीम पर स्टॉल लगाये गये हैं।जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय एवं कृषि विज्ञान केन्द्र चंदनगांव/देलाखारी द्वारा मिलेट्स आधारित उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई है। इसके अलावा नरसिंहपुर-गाडरवाड़ा की प्रसिद्ध तुअर दाल एवं जैविक गुड़ तथा मंडला जिले की प्रसिद्ध गोंड पेंटिंग का प्रदर्शन भी मेले में किया गया है।







