Home CITY NEWS कलेक्टर नीरज कुमार वशिष्ठ के नेतृत्व में पांढुर्णा बना विकास का मॉडल..

कलेक्टर नीरज कुमार वशिष्ठ के नेतृत्व में पांढुर्णा बना विकास का मॉडल..

कलेक्टर नीरज कुमार वशिष्ठ के नेतृत्व में पांढुर्णा बना विकास का मॉडल

By admin – 26 फरवरी 2026
पांढुर्णा(पंचायत दिशा समाचार ) नवगठित पांढुर्णा जिला कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ के कुशल नेतृत्व और सतत मॉनिटरिंग के चलते विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। प्रशासन की सक्रिय कार्यशैली के कारण शिक्षा, कृषि, जल प्रबंधन, राजस्व और पर्यटन जैसे प्रमुख क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां दर्ज की गई हैं।
धार्मिक पर्यटन और स्थानीय रोजगार को बढ़ावा देने के लिए जामसांवली स्थित प्रसिद्ध हनुमान मंदिर परिसर में लगभग 35 करोड़ रुपये की लागत से 26.50 एकड़ में विकसित हो रही “हनुमान लोक” परियोजना का लगभग 95 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है। परियोजना पूरी होने के बाद श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और जिले की पहचान मजबूत होगी।
राजस्व महाअभियान 1.0 और 2.0 के तहत पांढुर्णा जिला लगातार प्रदेश में प्रथम स्थान पर रहा है। स्वामित्व योजना के अंतर्गत 203 ग्रामों में ड्रोन सर्वे का कार्य शत-प्रतिशत पूरा कर लिया गया है। वहीं किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि से ₹61.49 करोड़ और मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना से ₹53.25 करोड़ की राशि सीधे खातों में पहुंचाई गई है।
कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीकों को बढ़ावा देते हुए HDPS पद्धति से कपास उत्पादन में 20 से 25 प्रतिशत तक वृद्धि दर्ज की गई है। जिले में दो मृदा परीक्षण प्रयोगशालाएं स्थापित की गई हैं तथा 750 किसानों को प्राकृतिक खेती से जोड़ा गया है। जल्द ही जैविक उत्पादों के लिए जैविक हाट बाजार शुरू करने की तैयारी है।
शिक्षा के क्षेत्र में भी पांढुर्णा जिला तेजी से आगे बढ़ रहा है। 10वीं के परिणामों में 18 प्रतिशत और 12वीं में 25 प्रतिशत सुधार दर्ज किया गया है। वहीं पांढुर्णा और सौंसर में लगभग 70 करोड़ रुपये की लागत से सांदीपनी विद्यालयों का निर्माण पूरा हो चुका है।
जल जीवन मिशन के अंतर्गत 125 गांवों में नलजल योजनाएं पूरी कर 17,280 परिवारों को घरेलू नल कनेक्शन उपलब्ध कराए गए हैं। वहीं अमृत 2.0 योजना के तहत 33 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य स्वीकृत किए गए हैं।
पशुपालन क्षेत्र में 1962 चलित पशु चिकित्सा इकाई के माध्यम से हजारों पशुओं का उपचार किया गया तथा आचार्य विद्यासागर योजना के तहत हितग्राहियों को लाभ मिला है।
कलेक्टर नीरज कुमार वशिष्ठ ने इन उपलब्धियों का श्रेय विभागीय समन्वय और जनता के सहयोग को देते हुए कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
नवगठित पांढुर्णा जिले में विकास की तेज रफ्तार यह संकेत दे रही है कि कलेक्टर नीरज कुमार वशिष्ठ के नेतृत्व में जिला प्रशासन सुशासन और जनहित के नए मानक स्थापित कर रहा है।