कलेक्टर की सख्ती: सीएम हेल्पलाइन में लापरवाही पर वेतन कटेगा, जर्जर भवन होंगे ध्वस्त
छिंदवाड़ा, (पंचायत दिशा समाचार ) कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय-सीमा प्रकरणों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनता की शिकायतों के निराकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई तय है।
बैठक में सीएम हेल्पलाइन, सीएम कार्यालय, जनआकांक्षा, न्यायालयीन प्रकरणों और विभिन्न आयोगों के लंबित मामलों की विभागवार समीक्षा की गई। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए और निराकृत प्रकरणों की जानकारी संबंधित आवेदकों तक पहुंचाई जाए।
सीएम हेल्पलाइन में लापरवाही पर सकलेक्टर की सख्ती: सीएम हेल्पलाइन में लापरवाही पर वेतन कटेगा, जर्जर भवन होंगे ध्वस्तख्ती
सीएम हेल्पलाइन की 17 शिकायतें नॉट-अटेंडेड पाए जाने पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि बार-बार लापरवाही करने वाले अधिकारियों का वेतन काटा जाएगा।
जर्जर भवनों में नहीं चलेंगे स्कूल-आंगनबाड़ी
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि किसी भी जर्जर भवन में स्कूल या आंगनबाड़ी संचालित नहीं किए जाएं। बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए उन्होंने जर्जर पानी की टंकियों को भी नियमानुसार डिस्मेंटल करने के निर्देश दिए। सभी विभागों को सुरक्षित भवनों में ही कार्यालय संचालन का प्रमाणपत्र प्रस्तुत करने को कहा गया है।
“संकल्प से समाधान” अभियान पर जोर
राज्य शासन के “संकल्प से समाधान” अभियान की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने निर्देश दिए कि शिविरों के माध्यम से अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाया जाए। उन्होंने कहा कि अभियान केवल औपचारिकता नहीं बल्कि जरूरतमंदों तक योजनाओं का वास्तविक लाभ पहुंचाने का माध्यम बने।
निर्माण कार्यों में सुरक्षा अनिवार्य
कलेक्टर ने निर्माण विभागों को निर्देश दिए कि पुलिया या अन्य निर्माण कार्यों में गड्ढों के आसपास बैरिकेडिंग और रिफ्लेक्टर अनिवार्य रूप से लगाए जाएं, ताकि दुर्घटनाएं रोकी जा सकें। किसी भी हादसे की स्थिति में संबंधित अधिकारी जिम्मेदार होंगे।
निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर नाराजगी
लक्ष्मी कंस्ट्रक्शन कंपनी द्वारा कराए जा रहे रेस्टोरेशन कार्यों की खराब गुणवत्ता पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई और कार्य सुधारने की कड़ी चेतावनी दी। नगर निगम को निर्माण स्थलों की नियमित निगरानी के निर्देश दिए गए।
नर्सिंग कॉलेज शिकायत की जांच
जनसुनवाई में आई नर्सिंग छात्राओं की शिकायत पर कलेक्टर ने तत्काल संज्ञान लेते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
1 मार्च से पेंशन व्यवस्था ऑनलाइन
बैठक में बताया गया कि 1 मार्च 2026 से पेंशन और ग्रेच्युटी प्रकरणों का निराकरण राज्य स्तर से ऑनलाइन किया जाएगा। कलेक्टर ने सभी विभागों को कर्मचारियों की जानकारी पोर्टल पर शीघ्र अपडेट करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर की सख्ती से प्रशासनिक व्यवस्था में तेजी आने और जनता की शिकायतों के समाधान में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।






