मेहनत की मजदूरी के लिए भटक रहे मजदूर, कलेक्टर से लगाई न्याय की गुहार
छिंदवाड़ा(पंचायत दिशा समाचार )जिले के जामई रेंज अंतर्गत चुगनी-चौगान क्षेत्र में वन विभाग द्वारा कराए गए कार्य का भुगतान नहीं मिलने से परेशान 24 मजदूरों ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई। मजदूरों ने लिखित आवेदन देकर बताया कि उन्होंने वन विभाग के लिए गड्ढा खुदाई का कार्य समय पर पूरा किया, लेकिन करीब दो माह बीत जाने के बाद भी उन्हें मेहनताना नहीं मिल पाया है।
मजदूरों के अनुसार उन्होंने करीब 17 हजार गड्ढे खोदने का कार्य मात्र 20 दिनों में पूरा किया, जिसके लिए प्रति गड्ढा 18 रुपये के हिसाब से लगभग 3 लाख 6 हजार रुपये भुगतान बनता है। इसके अलावा करीब 11 हजार रुपये मजदूरी भी बकाया बताई जा रही है। मजदूरों का कहना है कि उन्हें केवल 47 हजार रुपये खर्च के तौर पर दिए गए, जबकि शेष राशि अब तक नहीं मिली।
पीड़ित मजदूरों ने आरोप लगाया कि वे कई बार वन विभाग के अधिकारियों के पास भुगतान के लिए पहुंचे, लेकिन उन्हें कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला। मजदूरों का कहना है कि अब उन्हें सीधे तौर पर भुगतान नहीं होने की बात कही जा रही है, जिससे उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
मजदूरों ने कलेक्टर से मांग की है कि उनकी बकाया मजदूरी का भुगतान जल्द कराया जाए ताकि उन्हें अपनी मेहनत का हक मिल सके।
17 हजार गड्ढे खोदने के बाद भी नहीं मिला मेहनताना, मजदूर पहुंचे कलेक्टर दरबार







