यूरिया वितरण व्यवस्था का कलेक्टर श्री सिंह ने लिया जायजा, चौरई भंडारण केंद्र का किया औचक निरीक्षण
छिन्दवाड़ा/ कलेक्टर शीलेन्द्र सिंह ने मंगलवार को चौरई स्थित मध्यप्रदेश राज्य सहकारी विपणन संघ मर्यादित के भंडारण केंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने यूरिया की उपलब्धता, भंडारण की व्यवस्था और किसानों को की जा रही आपूर्ति की जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर सिंह ने केंद्र में उपस्थित किसानों से भी बातचीत की और उनकी संतुष्टि जानी। किसानों ने बताया कि उन्हें निर्धारित मात्रा में समय पर यूरिया प्राप्त हो रहा है और वितरण प्रक्रिया सरल एवं व्यवस्थित ढंग से संचालित हो रही है।

कलेक्टर सिंह ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि खाद वितरण में पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा की जा रही यूरिया आपूर्ति किसानों तक प्रभावी रूप से पहुंचे, यह सभी की प्राथमिकता होनी चाहिए। कृषि विभाग के अधिकारियों द्वारा अवगत कराया गया कि वर्तमान में केंद्र पर 144 मीट्रिक टन यूरिया उपलब्ध है तथा शीघ्र ही नई रैक भी प्राप्त होने वाली है, जिससे किसानों की मांग पूरी की जा सकेगी।

कलेक्टर सिंह ने निरीक्षण के दौरान स्टॉक पंजी, वितरण रजिस्टर, माल निकासी प्रक्रिया एवं भंडारण परिसर की साफ-सफाई की भी समीक्षा की और व्यवस्था को संतोषजनक बताया। इस दौरान चौरई एसडीएम श्री प्रभात मिश्रा, उप संचालक कृषि श्री जितेन्द्र कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी भी साथ में थे।