Home CITY NEWS 80 लाख की जमीन खरीदी के मामले में पटवारी याचना सोनी को...

80 लाख की जमीन खरीदी के मामले में पटवारी याचना सोनी को नोटिस

80 लाख की जमीन खरीदी के मामले में पटवारी याचना सोनी को नोटिस

एसडीएम ने मांगा जवाब, आय के स्रोत और अनुमति से जुड़े बिंदुओं पर जांच

छिंदवाड़ा। छिंदवाड़ा नगर तहसील में पदस्थ पटवारी याचना सोनी के नाम से जुड़ी करीब 80 लाख रुपये की जमीन खरीदी का मामला अब प्रशासनिक जांच के दायरे में आ गया है। शिकायत प्राप्त होने के बाद मामले में उठे विभिन्न बिंदुओं की जांच के लिए एसडीएम छिंदवाड़ा द्वारा पटवारी याचना सोनी को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया गया है।

बताया जा रहा है कि जमीन खरीदी को लेकर अनुमति, आय के स्रोत तथा संपत्ति से संबंधित कुछ बिंदुओं पर शिकायत के माध्यम से सवाल उठाए गए हैं। इसी के बाद प्रशासन ने संबंधित पटवारी से दस्तावेजों एवं तथ्यों के आधार पर स्पष्टीकरण मांगा है।

गौरतलब है कि पिछले दिनों कुछ समाचार पत्रों में भी जमीन खरीदी से जुड़ा यह मामला प्रमुखता से प्रकाशित हुआ था। इसके बाद प्रशासनिक स्तर पर मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारी से जवाब मांगा गया है।

अब पूरे मामले में पटवारी द्वारा प्रस्तुत किए जाने वाले जवाब और दस्तावेजों पर प्रशासन की अगली कार्रवाई निर्भर करेगी। यदि जांच में नियमों के उल्लंघन, आवश्यक अनुमति नहीं लेने अथवा आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक संपत्ति से संबंधित तथ्य सामने आते हैं, तो नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा सकती है।

हालांकि, फिलहाल मामले में किसी प्रकार की अनियमितता या अपराध सिद्ध नहीं हुआ है। पटवारी का पक्ष और जांच के अंतिम निष्कर्ष सामने आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी। पटवारी याचना सोनी का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।