Home CITY NEWS कम वर्षा के बीच रबी फसलों के बेहतर प्रबंधन पर कृषि अधिकारियों...

कम वर्षा के बीच रबी फसलों के बेहतर प्रबंधन पर कृषि अधिकारियों का प्रशिक्षण…

कम वर्षा के बीच रबी फसलों के बेहतर प्रबंधन पर कृषि अधिकारियों का प्रशिक्षण

कम पानी वाली फसलों को बढ़ावा देने, माइक्रो इरीगेशन और जीरो टिलेज तकनीक पर दिया जोर

छिंदवाड़ा, 8 अक्टूबर 2026। कम वर्षा की स्थिति को देखते हुए आगामी रबी सीजन में किसानों को जल संरक्षण के साथ बेहतर फसल प्रबंधन की तकनीक उपलब्ध कराने की कवायद शुरू कर दी गई है। कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन के निर्देशानुसार गुरुवार को जिला पंचायत सभागार में कृषि अधिकारियों के लिए ओरिएंटेशन एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

प्रशिक्षण में कृषि अधिकारियों एवं मैदानी अमले को कम पानी में बेहतर उत्पादन देने वाली फसलों एवं उपयुक्त किस्मों के चयन की जानकारी दी गई। साथ ही उतेरा एवं जीरो टिलेज तकनीक से बोनी, माइक्रो इरीगेशन के माध्यम से पानी की दक्षता बढ़ाने एवं सिंचाई जल की बचत पर तकनीकी मार्गदर्शन दिया गया।

कार्यशाला में अधिकारियों को मृदा परीक्षण के आधार पर संतुलित उर्वरक उपयोग, व्हाट्सएप के माध्यम से उर्वरक बुकिंग की प्रक्रिया, नरवाई प्रबंधन तथा फसल अवशेषों के उचित उपयोग की जानकारी भी दी गई।

कार्यक्रम में कृषि, आत्मा, पशुपालन, मत्स्य, उद्यानिकी एवं कृषि अभियांत्रिकी विभाग के मैदानी अमले ने भाग लिया। कृषि विज्ञान केंद्र एवं आंचलिक अनुसंधान केंद्र के वैज्ञानिकों ने अधिकारियों को रबी फसलों के बेहतर प्रबंधन, जल संरक्षण एवं आधुनिक कृषि तकनीकों के संबंध में तकनीकी प्रशिक्षण प्रदान किया।

कम वर्षा की परिस्थिति में किसानों को ऐसी फसलों और तकनीकों की ओर प्रोत्साहित करने पर जोर दिया गया, जिनसे उपलब्ध सिंचाई जल का अधिकतम एवं प्रभावी उपयोग किया जा सके।