बिना खाद्य लाइसेंस चल रही गुड़ निर्माण यूनिट सील
खाद्य सुरक्षा दल की सटोटी में छापामार कार्रवाई, डेमेज गुड़ के पुनर्निर्माण की भी सामने आई जानकारी
छिंदवाड़ा। आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने निरीक्षण एवं कार्रवाई तेज कर दी है। कलेक्टर श्री हरेन्द्र नारायन के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा विभाग की चार टीमें जिले की विभिन्न तहसीलों में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर नमूने संकलित करने के साथ आवश्यक कार्रवाई कर रही हैं।
इसी क्रम में 5 अक्टूबर को ग्राम सटोटी, थाना चांद क्षेत्र स्थित एक गुड़ निर्माण यूनिट पर खाद्य सुरक्षा दल ने छापामार कार्रवाई की। विभाग के अनुसार यह यूनिट मेघराज रघुवंशी के परिसर में मुजफ्फरपुर निवासी शहीद द्वारा संचालित की जा रही थी।

निरीक्षण के दौरान विभाग को डेमेज गुड़ को पुनः विनिर्माण कर विक्रय किए जाने की जानकारी मिली। जांच के दौरान यूनिट का संचालन बिना वैध खाद्य लाइसेंस के पाया गया। खाद्य सुरक्षा विभाग ने कार्रवाई करते हुए यूनिट को खाद्य लाइसेंस प्राप्त होने तक सील कर दिया है।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि सील अवधि के दौरान संबंधित परिसर में गुड़ अथवा किसी अन्य खाद्य पदार्थ का निर्माण नहीं किया जा सकेगा।
अस्वच्छता और एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री पर भी कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा पूर्व में किए गए निरीक्षणों में सामने आई अनियमितताओं के आधार पर भी संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध न्यायालयीन कार्रवाई की गई है। अस्वच्छता पाए जाने के मामले में होटल सिरेडीपिटी, तामिया और तामिया मोटल के विरुद्ध प्रकरण न्यायालय में प्रस्तुत किए गए हैं।
वहीं, एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री के विक्रय के मामलों में दीपक डेली नीड्स, परासिया रोड छिंदवाड़ा तथा आनंद बेरायटीज, लालबाग छिंदवाड़ा के विरुद्ध प्रकरण न्यायालय में प्रस्तुत किए गए हैं।
इसके अलावा एमएन ढाबा, हर्रई के विरुद्ध बिना खाद्य पंजीयन के संचालन पाए जाने पर न्यायालय में प्रकरण दायर किया गया है।
त्योहारी सीजन में जारी रहेगी निगरानी
खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए जिले में खाद्य प्रतिष्ठानों के निरीक्षण, नमूना संकलन और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कार्रवाई का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा। विभाग का उद्देश्य आमजन को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना है।








