करणी सेना परिवार ने राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन, UGC रोल बैक और आरक्षण में आर्थिक आधार की मांग
महाराणा प्रताप चौक से कलेक्ट्रेट तक निकाली तिरंगा रैली
छिंदवाड़ा। करणी सेना परिवार (सर्व समाज) के तत्वावधान में सोमवार को स्थानीय महाराणा प्रताप चौक से कलेक्ट्रेट तक रैली निकालकर राष्ट्रपति के नाम 5 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन कलेक्टर के माध्यम से सौंपा गया।
संगठन के जिलाध्यक्ष रणधीर सिंह ठाकुर के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता दोपहर 1 बजे महाराणा प्रताप चौक पर एकत्र हुए। यहां से हाथ में तिरंगा लेकर नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे। प्रतिनिधि मंडल ने कलेक्टर कार्यालय में पहुंचकर ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में प्रमुख रूप से यूजीसी के नए नियमों को वापस लेने, आरक्षण में आर्थिक आधार पर पुनर्समीक्षा एवं क्रीमी लेयर लागू करने, एससी/एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम में निष्पक्ष जांच की व्यवस्था सुनिश्चित करने, सवर्ण समाज के संरक्षण हेतु सवर्ण सुरक्षा अधिनियम बनाने और किसानों को उपज का उचित मूल्य दिलाने की मांग शामिल है।
जिलाध्यक्ष रणधीर सिंह ठाकुर ने बताया कि वर्तमान यूजीसी प्रावधानों और आरक्षण व्यवस्था से सर्व समाज के आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग प्रभावित हो रहा है। एससी/एसटी एक्ट के दुरुपयोग को रोकने के लिए निष्पक्ष जांच अनिवार्य है। ज्ञापन में किसानों के हित में फसलों के लाभकारी मूल्य निर्धारण की भी मांग की गई है।
इस दौरान संगठन के जिला पदाधिकारी, सभी ब्लॉक अध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे।








