Home CITY NEWS उत्कृष्ट विद्यालय पहुंचे प्रभारी मंत्री, बातचीत में बन गया ‘उत्कृष्ट महाविद्यालय’

उत्कृष्ट विद्यालय पहुंचे प्रभारी मंत्री, बातचीत में बन गया ‘उत्कृष्ट महाविद्यालय’

उत्कृष्ट विद्यालय पहुंचे प्रभारी मंत्री, बातचीत में बन गया ‘उत्कृष्ट महाविद्यालय’

छात्र की पेंटिंग में ‘विकसित भारत’ की जगह लिखा था ‘बक्सर भारत’, मंत्री ने कराया सुधार

छिंदवाड़ा। जिले के प्रभारी मंत्री एवं मध्यप्रदेश के लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह शनिवार को ‘मेरे सपनों का भारत’ कार्यक्रम में शामिल होने शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पहुंचे। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद किया और उनकी बनाई चित्रकलाओं का अवलोकन भी किया।

कार्यक्रम के बाद मीडिया से चर्चा के दौरान उस समय दिलचस्प स्थिति बन गई, जब प्रभारी मंत्री राकेश सिंह ने उत्कृष्ट विद्यालय का उल्लेख करते हुए उसे ‘उत्कृष्ट महाविद्यालय’ कह दिया। मंत्री के मुंह से विद्यालय की जगह महाविद्यालय का उल्लेख चर्चा का विषय बन गया।

पेंटिंग में ‘विकसित भारत’ की जगह ‘बक्सर भारत’

कार्यक्रम के दौरान मंत्री विद्यार्थियों द्वारा बनाई गई पेंटिंग भी देख रहे थे। इसी दौरान कक्षा 11वीं के एक छात्र की पेंटिंग में ‘विकसित भारत’ की जगह ‘बक्सर भारत’ लिखा नजर आया। मंत्री ने छात्र का ध्यान इस ओर दिलाते हुए उसे शब्द सुधारने के लिए कहा।

एक ओर विद्यार्थियों से शैक्षणिक गुणवत्ता और सही अभिव्यक्ति की अपेक्षा की जाती है, वहीं दूसरी ओर सार्वजनिक कार्यक्रम में जिम्मेदार जनप्रतिनिधि के बयान में विद्यालय और महाविद्यालय के नाम को लेकर हुई यह चूक भी चर्चा में आ गई।

कार्यक्रम के बाद सोशल मीडिया पर चर्चा

प्रभारी मंत्री द्वारा उत्कृष्ट विद्यालय को महाविद्यालय कहे जाने और छात्र की पेंटिंग में ‘विकसित भारत’ की जगह ‘बक्सर भारत’ लिखे होने की दोनों घटनाएं कार्यक्रम के बाद चर्चा का विषय बन गईं। शिक्षा और विद्यार्थियों से जुड़े कार्यक्रम में सामने आए इन दोनों प्रसंगों ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया।

हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि मंत्री द्वारा ‘महाविद्यालय’ शब्द का इस्तेमाल अनजाने में हुआ या बातचीत के दौरान जुबान फिसलने के कारण। वहीं छात्र की पेंटिंग में लिखे शब्द को मंत्री के निर्देश के बाद सुधार दिया गया।