छात्र संवाद से पहले राकेश सिंह का राहुल गांधी पर हमला
बोले- विदेश में जाकर भारत का विरोध करना शोभा नहीं देता, ऐसी सोच देश को क्या दिशा देगी?
छिंदवाड़ा। राहुल गांधी के इंदौर में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर मध्यप्रदेश की सियासत गरमा गई है। छिंदवाड़ा के एकदिवसीय दौरे पर पहुंचे प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री राकेश सिंह ने मीडिया के सवाल पर कांग्रेस नेतृत्व और राहुल गांधी की राजनीतिक शैली पर तीखा निशाना साधा।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि कांग्रेस देश की बड़ी राजनीतिक पार्टी है और उसके नेतृत्व से देश को दिशा देने की अपेक्षा रहती है। नेतृत्व को अपने बल, बुद्धि और व्यवहार के साथ आगे बढ़ना चाहिए। लेकिन विदेश में जाकर भारत का विरोध करना शोभा नहीं देता।
‘देश की संस्कृति नहीं समझने वाले क्या दिशा देंगे?’
राकेश सिंह ने कहा कि जो लोग देश की संस्कृति और उसकी मूल भावना को नहीं समझते, वे देश के भविष्य को लेकर क्या दिशा तय करेंगे। उन्होंने राहुल गांधी के छात्रों से संवाद के प्रयासों का जिक्र करते हुए कहा कि इस तरह के प्रयास पहले भी किए गए हैं, लेकिन उनके मुताबिक इनका परिणाम निराशाजनक रहा है।
प्रभारी मंत्री ने कांग्रेस नेतृत्व पर नकारात्मक राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि इस सोच के साथ देश को दिशा नहीं दी जा सकती।
‘दुनिया देख रही भारत में हो रहा बदलाव’
राकेश सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में हो रहे बदलाव का उल्लेख करते हुए कहा कि देश और दुनिया भारत में हो रहे परिवर्तन को देख रही है। उन्होंने दावा किया कि युवाओं का विश्वास भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बढ़ा है।
राहुल का छात्रों से संवाद, भाजपा का पलटवार
गौरतलब है कि राहुल गांधी ने 19 सितंबर को इंदौर में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में विद्यार्थियों और युवाओं से संवाद किया। कार्यक्रम में शिक्षा, भर्ती परीक्षाओं, पेपर लीक और रोजगार जैसे मुद्दे चर्चा में रहे।
राहुल गांधी के छात्र संवाद के बीच प्रभारी मंत्री राकेश सिंह की यह टिप्पणी मध्यप्रदेश की सियासत में जारी भाजपा-कांग्रेस के राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप को और धार देती नजर आई।
बाइट— राकेश सिंह, प्रभारी मंत्री, छिंदवाड़ा








