समयमान वेतनमान के लाभ के लिए 50 हजार मांगने का आरोप
डिंडौरी जनसंपर्क कार्यालय के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी ने अधिकारी पर लगाए गंभीर आरोप, आयुक्त जनसंपर्क से की शिकायत
डिंडौरी। जनसंपर्क विभाग के डिंडौरी कार्यालय में पदस्थ चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी कोशा सिंह ने जनसंपर्क अधिकारी पुष्पराज सिंह पर गंभीर आरोप लगाए हैं। कर्मचारी का आरोप है कि उसे समयमान वेतनमान का लाभ दिलाने के एवज में कथित तौर पर 50 हजार रुपए की मांग की जा रही है। मामले को लेकर कर्मचारी ने आयुक्त जनसंपर्क, भोपाल को लिखित शिकायत देकर जांच की मांग की है।

शिकायत में कर्मचारी ने आरोप लगाया है कि समयमान वेतनमान का लाभ दिए जाने के लिए उससे 50 हजार रुपए मांगे गए। कर्मचारी के अनुसार, राशि नहीं देने पर कथित तौर पर उसे धमकाया भी गया। शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया है कि अधिकारी द्वारा घर आकर जान से मारने की धमकी देने की बात कही गई है।

शिकायत की प्रति सोशल मीडिया पर वायरल
मामले से जुड़ी शिकायत की प्रति सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रही है। शिकायत सामने आने के बाद जनसंपर्क विभाग की कार्यप्रणाली और कर्मचारियों को मिलने वाले वेतन संबंधी लाभों को लेकर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
जांच के बाद ही स्पष्ट होगी सच्चाई
मामले में कर्मचारी द्वारा आयुक्त जनसंपर्क भोपाल से शिकायत कर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने और आवश्यक कार्रवाई की मांग की गई है। अब जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि कर्मचारी द्वारा लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है।
कोशा सिंह, पीड़ित कर्मचारी
नोट: खबर में लगाए गए रिश्वत और धमकी के आरोप शिकायतकर्ता के कथन पर आधारित हैं। संबंधित जनसंपर्क अधिकारी/विभाग का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।








