स्वतंत्रता दिवस एक दिन, नाश्ते के बिल तीन दिन!
तामिया पंचायत में 38 हजार 446 रुपए के भुगतान पर सवाल, 209 किलो बूंदी की खरीदी बनी चर्चा का विषय
14, 15 और 16 अगस्त के चार बिलों में चाय-नाश्ता और मिठाई का दिल पर उठे सवाल
तामिया। स्वतंत्रता दिवस समारोह एक दिन मनाया गया, लेकिन ग्राम पंचायत तामिया में चाय-नाश्ता और मिठाई के बिल तीन दिनों के लगाए जाने का मामला चर्चा में है। पंचायत दर्पण पर अपलोड बिलों के अनुसार 14, 15 और 16 अगस्त को चाय-नाश्ता सहित अन्य सामग्री के नाम पर कुल 38 हजार 446 रुपए का भुगतान किया गया। वहीं, बिलों में बूंदी की खरीदी के रेट में भी बड़ा अंतर सामने आया है। अब सवाल उठ रहे हैं कि एक दिन के समारोह के लिए तीन दिन तक नाश्ते के बिल कैसे लगाए गए और खरीदी गई सामग्री का वास्तविक उपयोग कहां हुआ?

चार बिलों में 38 हजार से अधिक का भुगतान
पंचायत दर्पण पर अपलोड बिलों के अनुसार 14 अगस्त को 8 हजार 110 रुपए, 15 अगस्त को 8 हजार 300 रुपए एवं 13 हजार 536 रुपए तथा 16 अगस्त को 8 हजार 100 रुपए के बिल लगाए गए हैं। इस प्रकार चार बिलों के माध्यम से कुल 38 हजार 446 रुपए का भुगतान किया गया है।

209 किलो बूंदी, रेट में दो गुना से अधिक का अंतर
बिलों के अनुसार 14 अगस्त को 20 किलो, 15 अगस्त को 144 किलो एवं 20 किलो तथा 16 अगस्त को 25 किलो बूंदी खरीदी गई। यानी कुल 209 किलो बूंदी की खरीदी दर्शाई गई है। खास बात यह है कि एक बिल में बूंदी का रेट 94 रुपए प्रति किलो, जबकि दूसरे बिल में 200 रुपए प्रति किलो दर्ज है। रेट में 106 रुपए प्रति किलो का अंतर है, जो दो गुना से भी अधिक है।
इसके अलावा तीन दिनों में 220 बड़े और 220 समोसे तथा कुल 263 चाय मंगाए जाने का उल्लेख भी बिलों में है। ऐसे में यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए इतनी सामग्री किन-किन कार्यक्रमों में वितरित की गई?
स्कूल प्राचार्य ने कहा—पंचायत ने मिठाई नहीं बांटी
मामले में सांदीपनि विद्यालय के प्राचार्य का कहना है कि ग्राम पंचायत द्वारा स्कूल में किसी तरह की मिठाई का वितरण नहीं किया गया। स्कूल प्रबंधन ने स्वयं मिष्ठान वितरण किया था। इससे पंचायत के बिलों में दर्शाई गई मिठाई की खरीदी और उसके वितरण को लेकर सवाल और गहरा गए हैं।
भाजपा नेताओं ने भी उठाए सवाल
भाजपा नेता गोपाल साहू एवं भाजपा युवा मंडल अध्यक्ष वतन उपाध्याय का कहना है कि स्वतंत्रता दिवस पर ही नाश्ता-पानी हुआ था। 14 और 16 अगस्त को कोई बैठक नहीं हुई। नेताओं ने बिलों में दर्शाए गए तीन दिन के खर्च पर सवाल उठाते हुए जांच की मांग की है।
निरीक्षक बोले—दोषी पाए गए तो होगी रिकवरी
जनपद पंचायत के पंचायत निरीक्षक दुर्जनसिंह भलावी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस समारोह एक दिन ही मनाया गया, जबकि बिल तीन दिन के लगाए गए हैं। रेट में भी डबल से ज्यादा का अंतर है। मामले की जांच कराई जाएगी। दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई होगी और रिकवरी की जाएगी।
अब जांच में सामने आएगा सच
ग्राम पंचायत तामिया में स्वतंत्रता दिवस समारोह के नाम पर लगाए गए चार बिलों और 38 हजार 446 रुपए के भुगतान को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। 209 किलो बूंदी की खरीदी, अलग-अलग रेट और तीन दिनों के नाश्ते के बिलों की जांच से ही स्पष्ट होगा कि भुगतान नियमानुसार हुआ या नहीं। अब ग्रामीणों की नजर पंचायत और जनपद स्तर पर होने वाली जांच पर है।
नोट : यह खबर पंचायत दर्पण पर अपलोड बिलों, संबंधित लोगों के बयानों और पंचायत निरीक्षक के कथन पर आधारित है। संबंधित ग्राम पंचायत के सरपंच, सचिव एवं भुगतान प्राप्तकर्ता का पक्ष प्राप्त होने पर उसे प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।








