Home CITY NEWS तामिया के 3 स्टार रिसॉर्ट में खाद्य सुरक्षा से खिलवाड़!

तामिया के 3 स्टार रिसॉर्ट में खाद्य सुरक्षा से खिलवाड़!

तामिया के 3 स्टार रिसॉर्ट में खाद्य सुरक्षा से खिलवाड़!

सेरेंडीपिटी का गंदा-बदबूदार फ्रिज, एक ही जगह शाकाहारी-मांसाहारी खाद्य सामग्री

एमपीआरटीसी रेस्टोरेंट में फफूंद लगे खाद्य पदार्थ और एक्सपायर्ड सामग्री मिलने का दावा, खाद्य सुरक्षा विभाग ने धारा 32 के तहत नोटिस की कार्रवाई शुरू की

तामिया। छिंदवाड़ा जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल तामिया में पर्यटकों को परोसे जाने वाले भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। खाद्य सुरक्षा अधिकारी संध्या मार्को की जांच में 3 स्टार रिसॉर्ट सेरेंडीपिटी और एमपीआरटीसी रेस्टोरेंट में खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी सामने आने का दावा किया गया है। निरीक्षण के दौरान मिली खामियों ने पर्यटन स्थलों पर संचालित होटल-रेस्टोरेंटों की रसोई व्यवस्था और खाद्य सामग्री के रखरखाव को सवालों के घेरे में ला दिया है।

सेरेंडीपिटी में गंदा और बदबूदार फ्रिज

जांच के दौरान सेरेंडीपिटी रिसॉर्ट के किचन में खाद्य सामग्री रखने के लिए उपयोग किए जा रहे फ्रिज की स्थिति पर सवाल उठे। फ्रिज गंदा और बदबूदार मिला। बताया गया कि इसी फ्रिज में शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य पदार्थों को एक साथ रखा जा रहा था। खाद्य सामग्री के भंडारण में स्वच्छता और उचित पृथक्करण की व्यवस्था नहीं होने की स्थिति सामने आने से रिसॉर्ट की किचन व्यवस्था पर सवाल उठे हैं।

एमपीआरटीसी रेस्टोरेंट में फफूंद और एक्सपायर्ड सामग्री

वहीं, एमपीआरटीसी रेस्टोरेंट में निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों पर फफूंद लगी मिलने का दावा किया गया। इसके अलावा एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री से भोजन तैयार किए जाने की स्थिति भी सामने आने की बात कही गई है। यदि जांच में यह स्थिति प्रमाणित होती है, तो यह खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन पर गंभीर सवाल खड़े करती है। पर्यटक परिवारों के लिए भोजन तैयार करने वाले प्रतिष्ठानों में ऐसी खामियां स्वास्थ्य सुरक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जाती हैं।

सुधार के बाद भी कार्रवाई जारी

जांच के बाद दोनों प्रतिष्ठानों में तत्काल सुधार कराया गया। खाद्य सुरक्षा विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दोनों प्रतिष्ठानों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की धारा 32 के तहत नोटिस जारी करने की कार्रवाई शुरू की है। अपर कलेक्टर के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई जारी बताई गई है।

निगरानी व्यवस्था पर सवाल

तामिया जिले का प्रमुख पर्यटन क्षेत्र है, जहां बड़ी संख्या में पर्यटक होटल और रेस्टोरेंटों में भोजन करते हैं। ऐसे में खाद्य सामग्री के भंडारण, फ्रिज की सफाई, शाकाहारी-मांसाहारी सामग्री के पृथक्करण और एक्सपायर्ड खाद्य पदार्थों की जांच को लेकर सवाल उठ रहे हैं। अब देखना यह होगा कि खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई के बाद दोनों प्रतिष्ठानों में व्यवस्थाएं कितनी प्रभावी रूप से सुधरती हैं और भविष्य में ऐसी खामियों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।

नोट: खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच रिपोर्ट, नोटिस और संबंधित प्रतिष्ठानों का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।