मोहखेड़ बचाओ आंदोलन में कांग्रेस ने बरसते पानी में भरी हुंकार
रैली निकालकर सौंपा ज्ञापन, मोहखेड़ को छिंदवाड़ा जिले में यथावत रखने की मांग
छिंदवाड़ा। मोहखेड़ ब्लॉक को पांढुर्णा जिले में शामिल किए जाने की चर्चाओं के बीच कांग्रेस ने बरसते पानी में आंदोलन कर अपनी आवाज बुलंद की। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मोहखेड़ के तत्वावधान में उमरानाला बस स्टैंड पर आयोजित आंदोलन में कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने रैली निकालकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस ने मांग की कि मोहखेड़ ब्लॉक को छिंदवाड़ा जिले का ही हिस्सा रखा जाए और इसे पांढुर्णा जिले में शामिल करने की किसी भी संभावित प्रक्रिया पर तत्काल रोक लगाई जाए।
भौगोलिक स्थिति का दिया हवाला
आंदोलन को संबोधित करते हुए सौसर विधायक विजय चौरे ने कहा कि मोहखेड़ ब्लॉक के समस्त ग्राम एवं नगर भौगोलिक दृष्टि से छिंदवाड़ा जिला मुख्यालय के बेहद नजदीक हैं। जिला मुख्यालय से दूरी कम होने के कारण प्रशासनिक कार्यों के लिए आवागमन सुगम है। ऐसे में मोहखेड़ को छिंदवाड़ा जिले में ही यथावत रखा जाना चाहिए।
विधायक चौरे ने कहा कि तीन वर्ष पूर्व भाजपा सरकार ने पांढुर्णा को जिला बनाया, जिस पर कांग्रेस को आपत्ति नहीं है। लेकिन मोहखेड़ को छिंदवाड़ा जिले में ही रखा गया था। अब विगत कुछ दिनों से मोहखेड़ को पांढुर्णा जिले में शामिल किए जाने की चर्चाएं जोर पकड़ रही हैं। कांग्रेस ने इन चर्चाओं का विरोध किया है।

कांग्रेस ने भाजपा पर लगाए आरोप
विजय चौरे ने आरोप लगाया कि कांग्रेस पदाधिकारियों द्वारा सोशल मीडिया पर मोहखेड़ को पांढुर्णा में शामिल किए जाने का विरोध किए जाने के बाद भाजपा नेताओं ने मोहखेड़ पुलिस थाने में ज्ञापन देकर कार्रवाई की मांग की और कांग्रेस पर झूठा प्रचार करने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि कुछ माह पूर्व भाजपा से जुड़े लोगों द्वारा भी मोहखेड़ बचाओ संघर्ष समिति का गठन कर आंदोलन किया गया था तथा सोशल मीडिया पर मोहखेड़ बचाओ ग्रुप बनाया गया था। कांग्रेस विधायक ने आरोप लगाया कि मोहखेड़ के कुछ भाजपा कार्यकर्ता पांढुर्णा की राजनीतिक गतिविधियों के प्रभाव में आकर क्षेत्र को पांढुर्णा जिले में शामिल किए जाने का समर्थन कर रहे हैं।

मतदाता पहचान पत्रों में पांढुर्णा जिला लिखे जाने का दावा
कांग्रेस ने एसआईआर प्रक्रिया का हवाला देते हुए कहा कि प्रक्रिया के बाद बनाए जा रहे मतदाता पहचान पत्रों पर ब्लॉक मोहखेड़, जिला पांढुर्णा लिखा जा रहा है। इससे मोहखेड़ ब्लॉक को पांढुर्णा जिले में शामिल किए जाने की संभावनाओं को बल मिल रहा है।
कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि यदि मोहखेड़ को पांढुर्णा जिले में शामिल किया गया तो क्षेत्रवासियों को प्रशासनिक कार्यों के लिए परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने शासन-प्रशासन से मांग की कि मोहखेड़ को छिंदवाड़ा जिले में यथावत रखने के संबंध में तत्काल स्पष्टता प्रदान की जाए।
उग्र आंदोलन की चेतावनी
आंदोलन के दौरान कांग्रेस ने शासन-प्रशासन से मोहखेड़ ब्लॉक को छिंदवाड़ा जिले में ही रखने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि मांग पर ध्यान नहीं दिया गया तो भविष्य में आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा, जिसकी जवाबदेही शासन-प्रशासन की होगी।
आंदोलन के उपरांत कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता रैली के रूप में पुलिस चौकी पहुंचे और ज्ञापन सौंपा। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मोहखेड़ बचाओ के नारे लगाते हुए क्षेत्र को छिंदवाड़ा जिले में यथावत रखने की मांग दोहराई।
नोट: एसआईआर के दौरान मतदाता पहचान पत्रों में “जिला पांढुर्णा” लिखे जाने तथा मोहखेड़ को पांढुर्णा में शामिल करने की प्रक्रिया संबंधी दावों की स्वतंत्र प्रशासनिक पुष्टि नहीं हुई है। शासन-प्रशासन का पक्ष प्राप्त होने पर उसे प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।








