Home STATE मुख्यमंत्री डॉ. यादव 19 सितंबर को देंगे मेधावी विद्यार्थियों को ई-स्कूटी की...

मुख्यमंत्री डॉ. यादव 19 सितंबर को देंगे मेधावी विद्यार्थियों को ई-स्कूटी की सौगात

मुख्यमंत्री डॉ. यादव 19 सितंबर को देंगे मेधावी विद्यार्थियों को ई-स्कूटी की सौगात

प्रदेश के 7,500 से अधिक विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ, भोपाल में होगा राज्य स्तरीय वितरण कार्यक्रम

भोपाल। प्रदेश के शासकीय हायर सेकंडरी स्कूलों में कक्षा 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 19 सितंबर को ई-स्कूटी की सौगात देंगे। मुख्यमंत्री स्कूटी योजना के अंतर्गत आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम शासकीय सुभाष उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, शिवाजी नगर भोपाल में सुबह 10 बजे से होगा। इस अवसर पर प्रदेश के 7,500 से अधिक पात्र विद्यार्थियों को ई-स्कूटी का लाभ मिलेगा।

उच्च शिक्षा की राह होगी आसान

मुख्यमंत्री स्कूटी योजना का उद्देश्य शासकीय स्कूलों के प्रतिभावान विद्यार्थियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करना और उच्च शिक्षा की राह आसान बनाना है। ई-स्कूटी मिलने से विद्यार्थियों को कॉलेज आने-जाने में सुविधा होगी तथा आगे की पढ़ाई के लिए उनका उत्साह भी बढ़ेगा।

प्रथम प्रयास में 70 प्रतिशत अंक और स्कूल में प्रथम स्थान जरूरी

योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए विद्यार्थी का कक्षा 12वीं में प्रथम प्रयास में 70 प्रतिशत अंक के साथ अपने स्कूल में प्रथम स्थान प्राप्त करना आवश्यक है। योजना में स्कूल शिक्षा एवं जनजातीय कार्य विभाग के शासकीय हायर सेकंडरी स्कूलों में नियमित रूप से अध्ययनरत विद्यार्थियों को शामिल किया गया है। सभी संकायों के पात्र विद्यार्थियों को योजना का लाभ दिया जाता है।

अब तक 23 हजार से अधिक विद्यार्थी लाभान्वित

प्रदेश सरकार के अनुसार, मुख्यमंत्री स्कूटी योजना के अंतर्गत अब तक 23,000 से अधिक पात्र विद्यार्थी लाभान्वित हो चुके हैं। योजना के संचालन पर अब तक लगभग 246 करोड़ रुपए व्यय किए गए हैं। शिक्षण सत्र 2025-26 के लिए 7,500 से अधिक विद्यार्थियों को ई-स्कूटी का लाभ दिया जाएगा।

प्रतिभा को प्रोत्साहन देने की पहल

मुख्यमंत्री स्कूटी योजना शासकीय स्कूलों में अध्ययनरत विद्यार्थियों की मेहनत और उपलब्धियों को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। योजना के माध्यम से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक प्रदर्शन के लिए प्रेरणा मिलने के साथ ही उच्च शिक्षा में उनकी भागीदारी मजबूत करने में भी मदद मिल रही है।