Home POLITICAL 25 वर्षों की जनसेवा से विकसित भारत के संकल्प तक पहुंचेगा ‘सेवा...

25 वर्षों की जनसेवा से विकसित भारत के संकल्प तक पहुंचेगा ‘सेवा संकल्प अभियान’

25 वर्षों की जनसेवा से विकसित भारत के संकल्प तक पहुंचेगा ‘सेवा संकल्प अभियान’

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा अभियान, छिंदवाड़ा में भी होंगे सेवा, सुशासन और जनकल्याण के कार्यक्रम : कमल पटेल

छिंदवाड़ा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण की यात्रा को जन-जन तक पहुंचाने तथा विकसित भारत-2047 के संकल्प से नागरिकों को जोड़ने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी द्वारा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक मध्यप्रदेश में ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। अभियान को लेकर पूर्व मंत्री कमल पटेल ने भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव के साथ पत्रकार वार्ता को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने अभियान की रूपरेखा और विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी दी।

पूर्व मंत्री कमल पटेल ने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ केवल भाजपा का कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने वाला जनभागीदारी का अभियान बनेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की सार्वजनिक सेवा यात्रा भारत के बढ़ते सामर्थ्य, आत्मविश्वास और विकास की यात्रा है। सेवा से सुशासन और सुशासन से विकसित भारत तक की यह यात्रा देश के लिए प्रेरणादायक है।

17 सितंबर को सेवा दिवस, 71,930 बूथों पर जलेगा आशीर्वाद का दीया

कमल पटेल ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर को ‘सेवा दिवस’ के रूप में मनाया जाएगा। प्रदेशभर में रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसी दिन शाम 7 बजे मध्यप्रदेश के सभी 71 हजार 930 बूथों पर ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित होगा। प्रत्येक परिवार द्वारा प्रज्वलित दीपक प्रधानमंत्री की 25 वर्षों की जनसेवा के प्रति कृतज्ञता और विकसित भारत-2047 के सामूहिक संकल्प का प्रतीक बनेगा।

स्वच्छता अभियान से लेकर आंगन मिलन सेवा तक होंगे कार्यक्रम

अभियान के अंतर्गत 2 अक्टूबर को व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। स्कूलों में ‘मेरे सपनों का भारत—चित्र सेवा’, नुक्कड़ नाटक एवं संगीत प्रस्तुतियों के माध्यम से ‘नमो सेवा—अनकही कहानियां’, आंगनवाड़ी केंद्रों पर ‘आंगन मिलन सेवा’ तथा प्रदेश के 11 हजार 404 शक्ति केंद्रों पर ‘सेवा की कहानी’ जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

इन कार्यक्रमों के माध्यम से प्रधानमंत्री की योजनाओं से लाभान्वित नागरिकों की सफलता की कहानियां समाज के सामने लाई जाएंगी। अभियान में युवा, महिलाएं, किसान, वरिष्ठ नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता और विभिन्न सामाजिक संगठनों की भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।

7 अक्टूबर को निकलेगी सेवा ज्योति कलश यात्रा

पूर्व मंत्री ने बताया कि 7 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हेड ऑफ द गवर्नमेंट के रूप में 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर प्रदेशभर में ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा—विकसित भारत का संकल्प’ आयोजित की जाएगी। पदयात्रा, साइकिल रैली और बाइक रैली के माध्यम से कार्यकर्ता एवं आमजन प्रधानमंत्री की सेवा और विकास यात्रा को जन-जन तक पहुंचाएंगे।

उन्होंने बताया कि वडनगर-वाराणसी सेवा यात्रा भी अभियान का प्रमुख आकर्षण होगी। 250 बाइक पर 500 यात्री वडनगर से यात्रा प्रारंभ कर विभिन्न मार्गों से काशी पहुंचेंगे। देशभर में प्रस्तावित 20 यात्राओं में से 13 यात्राएं मध्यप्रदेश से होकर गुजरेंगी।

पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने पर जोर

कमल पटेल ने कहा कि अभियान के दौरान ‘सेवा सेतु कैंप’ के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने, स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी देने तथा आवेदन प्रक्रिया में सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। वहीं ‘सेवा के रंग—राष्ट्र के संग’ कार्यक्रम के माध्यम से सार्वजनिक स्थलों पर मानव रंगोली और अन्य रचनात्मक गतिविधियों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकसित भारत के संदेश को प्रदर्शित किया जाएगा।

जनता को विकसित भारत के निर्माण का सहभागी बनाएगी भाजपा

पूर्व मंत्री कमल पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मंत्र ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ ही सेवा संकल्प अभियान की मूल भावना है। अभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री की 25 वर्षों की सेवा यात्रा को याद करने के साथ ही उस सेवा भावना को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना है।

उन्होंने कहा कि लाभार्थी विकास के दूत बनें, युवा विकसित भारत के निर्माता बनें और समाज का प्रत्येक नागरिक राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाए। इसी उद्देश्य से अभियान को व्यापक जनभागीदारी का स्वरूप दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा मध्यप्रदेश में इस अभियान के माध्यम से जनता को विकसित भारत के निर्माण का सहभागी बनाएगी।