श्रीधाम रेसीडेंसी में हरियाली तीज की धूम
हरे परिधानों में सजी महिलाओं ने बिखेरा सावन का रंग, राधा-कृष्ण की प्रस्तुति ने मोहा मन..
रिपोर्ट- रामकुमार राजपूत
छिंदवाड़ा। इमलीखेड़ा चौक स्थित श्रीधाम रेसीडेंसी में हरियाली तीज का पर्व उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। सावन के रंग में रंगे आयोजन में सोसायटी की महिलाओं और बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस दौरान पूरा परिसर उत्सव के रंग में सराबोर नजर आया।
हरियाली तीज के अवसर पर महिलाओं के लिए हरे रंग का ड्रेस कोड रखा गया था। हरे परिधानों और पारंपरिक श्रृंगार में सजी महिलाएं आयोजन का आकर्षण रहीं। महिलाओं ने एक-दूसरे को तीज की शुभकामनाएं दीं और सावन के गीतों के साथ उत्सव का आनंद लिया।
राधा-कृष्ण के रूप में बच्चों ने दी प्रस्तुति
कार्यक्रम में बच्चों ने राधा-कृष्ण के रूप में मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुति दी। पारंपरिक वेशभूषा में सजे नन्हे कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति से उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। बच्चों की प्रस्तुति पर महिलाओं और परिवारों ने तालियों के साथ उनका उत्साहवर्धन किया।
आयोजन के दौरान महिलाओं ने तीज से जुड़ी पारंपरिक गतिविधियों में हिस्सा लिया। गीत-संगीत और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच महिलाओं ने सावन के इस पर्व का जमकर आनंद लिया।
सोसायटी की महिलाओं ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से बच्चों और नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति एवं पारंपरिक त्योहारों से जोड़ने का अवसर मिलता है। साथ ही सोसायटी के परिवारों के बीच आपसी मेलजोल, प्रेम और भाईचारा भी बढ़ता है।
महिलाओं और बच्चों की उत्साहपूर्ण भागीदारी से श्रीधाम रेसीडेंसी में आयोजित हरियाली तीज समारोह यादगार बन गया








