Home CITY NEWS मुख्यमंत्री के मंच से बड़ा एक्शन: परासिया तहसीलदार निलंबित, पीड़ित महिलाओं ने...

मुख्यमंत्री के मंच से बड़ा एक्शन: परासिया तहसीलदार निलंबित, पीड़ित महिलाओं ने जताया आभार

मुख्यमंत्री के मंच से बड़ा एक्शन: परासिया तहसीलदार निलंबित, पीड़ित महिलाओं ने जताया आभार
छिंदवाड़ा। परासिया तहसील में लंबित राजस्व प्रकरण और कथित लापरवाही को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के समक्ष उठे मामले के बाद बड़ा प्रशासनिक कदम सामने आया है। मुख्यमंत्री के छिंदवाड़ा प्रवास के दौरान परासिया तहसीलदार सुनैना ब्रम्हे को निलंबित किए जाने की घोषणा की गई।


जानकारी के अनुसार, ग्राम बेलगांव निवासी श्रीमती मीना राय एवं उनकी पुत्री श्रीमती मनोरमा राय ने एक दिन पहले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और सांसद बंटी साहू के नाम पोस्टर लेकर सहायता की गुहार लगाई थी। महिलाओं का आरोप था कि उनकी स्वामित्व वाली 3 एकड़ 33 डिसमिल भूमि पर अतिक्रमण किया जा रहा है। इस संबंध में उन्होंने सीमांकन और राजस्व कार्रवाई के लिए आवेदन दिया था।
महिलाओं के अनुसार, भूमि का सीमांकन होने के बाद भी धारा 250 के तहत कार्रवाई के लिए दिए गए आवेदन पर लगभग पांच वर्षों तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। उनका कहना था कि बार-बार आवेदन और शिकायत के बावजूद प्रकरण लंबित रहा।


इस मामले को सार्वजनिक रूप से उठाए जाने के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने छिंदवाड़ा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान परासिया तहसीलदार सुनैना ब्रम्हे के निलंबन की घोषणा की।


कार्रवाई के बाद मीना राय और मनोरमा राय ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें न्याय मिलने की उम्मीद जगी है। उन्होंने शासन-प्रशासन से उनके भूमि विवाद प्रकरण का शीघ्र निराकरण कर दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने की भी मांग की।
(नोट: इस समाचार में लगाए गए आरोप संबंधित पक्षों के दावों पर आधारित हैं। प्रशासन की ओर से उपलब्ध आधिकारिक जानकारी के अनुसार तहसीलदार के निलंबन की कार्रवाई की गई है।)