‘सब चकाचक’ के दावे बारिश में बह गए! सिरेगांव की सड़कें बनीं दलदल, पंचायत और जनपद की तैयारियों पर उठे सवाल..!
जलभराव , कीचड़ और मच्छरों के बीच ग्रामीण बेहाल, स्कूल जाने वाले बच्चे और मरीज रोज जोखिम उठाने को मजबूर, ग्रामीणों ने जिम्मेदार अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाया।
विशेष रिपोर्ट -रामकुमार राजपूत
चौरई (छिंदवाड़ा)। छिंदवाड़ा जिले में तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश ने चौरई विकासखंड के ग्राम पंचायत सिरेगांव में विकास और “सब चकाचक” के दावों की पोल खोलकर रख दी है। गांव की मुख्य सड़कें और गलियां जलभराव व कीचड़ से पट गई हैं। हालात ऐसे हैं कि पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि बारिश से पहले सड़कें की सफाई और जलनिकासी की व्यवस्था केवल कागजों तक सीमित रही, जबकि मौके पर कोई प्रभावी तैयारी नजर नहीं आई। सड़क के दोनों किनारे में नाली की कोई व्यवस्था नहीं होने के कारण ऐसी स्थिति बनी हुई है , कागजों में तो गांव में नाली बनी हुई है लेकिन हकीकत में गांव में नाली ही निर्माण नहीं हुई है।ऐसा गांव के लोगों का कहना है ।


ग्राम पंचायत के द्वारा जल निकासी की कोई व्यवस्था नहीं कराई गई..!
ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत और जनपद पंचायत स्तर पर समय रहते जलनिकासी की व्यवस्था कराई जाती तो आज गांव की सड़कें तालाब जैसी नहीं दिखतीं। स्कूल जाने वाले बच्चों को रोज फिसलन भरे रास्तों से होकर गुजरना पड़ रहा है, वहीं मरीजों और बुजुर्गों को अस्पताल पहुंचने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।


संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ा
गंदे पानी के जमाव और कीचड़ के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। ग्रामीणों का कहना है कि फॉगिंग नहीं कराई जा रही है, जिससे डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ता जा रहा है। लोगों ने तत्काल सफाई, जलनिकासी और फॉगिंग अभियान चलाने की मांग की है।

ग्रामीणों का आरोप—कागजों में तैयारी, जमीन पर बदहाल व्यवस्था
ग्रामीणों का आरोप है कि बारिश पूर्व तैयारियों की रिपोर्ट तो बना दी गई, लेकिन धरातल पर नालियों की सफाई और जलनिकासी की कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई। उनका कहना है कि यदि समय रहते जिम्मेदार अधिकारी निरीक्षण करते, तो आज यह स्थिति पैदा नहीं होती।

जांच और जवाबदेही की मांग
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से ग्राम पंचायत सिरेगांव की जलनिकासी व्यवस्था, नालियों की सफाई और बारिश पूर्व तैयारियों की जांच कराने तथा लापरवाही पाए जाने पर संबंधित पंचायत सचिव और सरपंच और जनपद पंचायत के जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
सचिव का कहना …
जब इस विषय में सिरे गांव पंचायत सचिव का कहना है कि गांव में कीचड़ हो गया था और नाली जाम हो गई थी उसे दो दिन पहले ही जेसीबी मशीन लाकर सफाई कराई गई है और आगे शिकायत आने पर भी उसे साफ कराई जाएगी।








