कृत्रिम अंग पाकर खिले दिव्यांगजनों के चेहरे, नई उम्मीद के साथ लौटे घर
जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र में सहायक उपकरण वितरण शिविर, 550 से अधिक लोगों का पंजीयन; 70 दिव्यांगजनों के कैलिपर एवं कृत्रिम पैर बनाए
एमपी/छिंदवाड़ा | रिपोर्ट: रामकुमार राजपूत
छिंदवाड़ा। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार की एडीपी योजना के अंतर्गत जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र में दिव्यांग प्रशिक्षण एवं सहायक उपकरण वितरण शिविर का आयोजन किया गया। नगर पालिका निगम छिंदवाड़ा एवं जनपद पंचायत छिंदवाड़ा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित शिविर में सांसद विवेक बंटी साहू मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। शिविर में कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण पाकर दिव्यांगजनों के चेहरों पर खुशी और नई उम्मीद देखने को मिली।
बाइट: पंचलाल चंद्रवंशी, प्रशासनिक अधिकारी, जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र।
550 से अधिक लोगों का पंजीयन, 70 को मिले कृत्रिम अंग
शिविर में 550 से अधिक दिव्यांगजनों का पंजीयन कराया गया। इस दौरान 70 दिव्यांगजनों के कैलिपर एवं कृत्रिम पैर तैयार किए गए। वहीं, जिला मेडिकल बोर्ड द्वारा 35 लोगों के दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनाए गए। शिविर में कृत्रिम अंगों का तत्काल निर्माण कर उन्हें दिव्यांगजनों को उपलब्ध कराया गया, जिससे जरूरतमंदों को मौके पर ही सहायता मिल सकी।

योजनाओं की दी जानकारी, भोजन-पेयजल की व्यवस्था
शिविर में दिव्यांगजनों को शासन की विभिन्न योजनाओं एवं उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी गई। कैंप के नोडल अधिकारी एवं जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र तथा सामाजिक न्याय विभाग के प्रशासनिक अधिकारी पंचलाल चंद्रवंशी ने उपस्थित लोगों को योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया से अवगत कराया। शिविर में दिव्यांगजनों के लिए भोजन एवं पेयजल की व्यवस्था भी की गई।

जिला अस्पताल परिसर में केंद्र संचालन के निर्देश
कार्यक्रम के दौरान सांसद विवेक बंटी साहू ने जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र को जिला अस्पताल परिसर में संचालित करने के निर्देश कलेक्टर को दिए। इससे दिव्यांगजनों को स्वास्थ्य सेवाओं एवं पुनर्वास सुविधाओं का लाभ आसानी से उपलब्ध कराने की दिशा में पहल की जा सकेगी।

अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं टीम रही मौजूद
कार्यक्रम में डिप्टी कलेक्टर पुष्पेंद्र निगम, भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी, दिव्यांग प्रकोष्ठ के सहसंयोजक अरविंद कुमार बाथर, शरद कुशवाहा, आसरा से मुकेश मालवीय सहित जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र की पूरी टीम, नगर पालिका निगम, जनपद पंचायत छिंदवाड़ा एवं जिला अस्पताल के चिकित्सक उपस्थित रहे।
शिविर की व्यवस्थाओं में जनपद पंचायत छिंदवाड़ा के समग्र विस्तार अधिकारी अंशुल सावले एवं नगर पालिका निगम की श्रीमती लीला हुई की महत्वपूर्ण भूमिका रही। शिविर के सफल आयोजन में सभी विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों ने सहयोग किया।








