Home CITY NEWS आदिवासी छात्रावासों में “इल्ली वाला भोजन” से भड़का आक्रोश, गोंडवाना पार्टी का...

आदिवासी छात्रावासों में “इल्ली वाला भोजन” से भड़का आक्रोश, गोंडवाना पार्टी का सहायक आयुक्त पर बड़ा हमला..?

आदिवासी छात्रावासों में “इल्ली वाला भोजन” से भड़का आक्रोश, गोंडवाना पार्टी का सहायक आयुक्त पर बड़ा हमला..?


10-15 साल से एक ही छात्रावास में जमे अधीक्षकों पर उठे सवाल, नियमों की अनदेखी का आरोप; कार्रवाई नहीं हुई तो सड़क पर उतरने की चेतावनी

रिपोर्ट -रामकुमार राजपूत

छिंदवाड़ा।जिले के आदिवासी छात्रावासों में व्यवस्थाओं को लेकर एक बार फिर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। तामिया स्थित एकलव्य आवासीय विद्यालय में छात्रों के भोजन में कथित रूप से इल्ली मिलने की घटना के बाद अब गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने जनजातीय कार्य विभाग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पार्टी ने सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग पर गंभीर आरोप लगाते हुए विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं।

गोंडवाना गणतंत्र पार्टी जिला अध्यक्ष

गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि जिले के कई आदिवासी छात्रावासों में अधीक्षक वर्षों से एक ही स्थान पर पदस्थ हैं। पार्टी का दावा है कि कुछ अधीक्षक 10 से 15 वर्षों से एक ही छात्रावास में जमे हुए हैं, जबकि शासन के नियमों के अनुसार एक स्थान पर लंबे समय तक पदस्थ रहने वाले कर्मचारियों का स्थानांतरण किया जाना चाहिए।
तीन साल बाद होना चाहिए बदलाव, फिर क्यों जमे हैं अधीक्षक?”
प्रदर्शनकारियों ने सवाल उठाया कि यदि विभागीय नियमों में तीन वर्ष बाद स्थान परिवर्तन का प्रावधान है, तो छिंदवाड़ा जिले में वर्षों से एक ही छात्रावास संभाल रहे अधीक्षकों पर कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही है। पार्टी ने आरोप लगाया कि अधिकारियों की कथित मेहरबानी के कारण कई अधीक्षक लंबे समय से उसी स्थान पर बने हुए हैं।

मनीष बोरकर क्षेत्र संयोजक जनजाति कार्य विभाग छिंदवाड़ा

रानी दुर्गावती चौक से कलेक्ट्रेट तक प्रदर्शन
गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने रानी दुर्गावती चौक पर धरना-प्रदर्शन कर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन के दौरान नेताओं ने कहा कि आदिवासी बच्चों की सुरक्षा और भोजन व्यवस्था से किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।


भोजन व्यवस्था पर गंभीर आरोप
पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि जिले के कई छात्रावासों में बच्चों को गुणवत्ताहीन भोजन मिलने की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। तामिया एकलव्य विद्यालय में भोजन में इल्ली मिलने की घटना को लेकर उन्होंने कहा कि यह बच्चों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ है। शिकायतों के बाद भी ठोस कार्रवाई नहीं होने से जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं।

कार्रवाई नहीं हुई तो होगा उग्र आंदोलन”
गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि लंबे समय से एक ही स्थान पर पदस्थ अधीक्षकों को हटाने, भोजन व्यवस्था सुधारने और जिम्मेदारों पर कार्रवाई नहीं की गई तो पार्टी पालकों और छात्रों के साथ मिलकर बड़ा आंदोलन करेगी।
प्रशासन की भूमिका पर नजर
आदिवासी छात्रावासों में भोजन गुणवत्ता, साफ-सफाई और प्रबंधन को लेकर लगातार शिकायतें सामने आती रही हैं। ऐसे में अब यह देखना अहम होगा कि जनजातीय कार्य विभाग इन आरोपों पर क्या कार्रवाई करता है।

विशेष रिपोर्ट- रामकुमार राजपूत

मोबाइल नंबर-8989115284

(नोट: सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग एवं विभागीय अधिकारियों पर लगाए गए आरोप गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के हैं। आरोपों पर विभाग का आधिकारिक पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।)