स्कूल बना आरामगाह! मास्टर गायब, ‘भाई’ चला रहा स्कूल… अतिथि शिक्षक का सोते हुए वीडियो वायरल
बच्चों को समय से पहले छुट्टी देकर सोता मिला अतिथि शिक्षक, दो नियमित शिक्षकों की अनुपस्थिति पर उठे सवाल..!
रिपोर्ट -रामकुमार राजपूत
छिंदवाड़ा/तामिया।
जनजातीय कार्य विभाग के अंतर्गत संचालित आदिवासी बहुल तामिया विकासखंड के नगरी संकुल केंद्र की प्राथमिक शाला बुरियल ढाना में शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। यहां पदस्थ नियमित शिक्षकों की कथित लापरवाही का मामला सामने आया है। स्कूल में अतिथि शिक्षक के सोते हुए वीडियो के वायरल होने के बाद पूरे मामले ने तूल पकड़ लिया है।
जानकारी के अनुसार, स्कूल में पदस्थ गणेश कुमार विश्वकर्मा पर आरोप है कि उन्होंने अपने भाई को ही अतिथि शिक्षक के रूप में स्कूल में रखा हुआ है। साथ ही आरोप है कि गणेश कुमार विश्वकर्मा और दूसरे शिक्षक मनोज कुमार डेहरिया अक्सर स्कूल से अनुपस्थित रहते हैं।

बताया जा रहा है कि जब स्कूल में अतिथि शिक्षक का सोते हुए वीडियो वायरल हुआ और उससे नियमित शिक्षकों के बारे में पूछा गया, तो उसने कहा कि “दोनों शिक्षक स्कूल से बाहर गए हैं। मैं रात में एक कार्यक्रम में गया था, इसलिए नींद आ रही थी। बच्चों को छुट्टी दे दी, इसलिए सो गया।”

यदि वीडियो और लगाए गए आरोप सही पाए जाते हैं, तो यह मामला न केवल शिक्षकीय अनुशासन पर बल्कि आदिवासी बच्चों की शिक्षा के अधिकार पर भी गंभीर प्रश्न खड़े करता है।
इस घटना के बाद जनजातीय कार्य विभाग के सहायक आयुक्त, संबंधित सीईओ और बीआरसी की निगरानी व्यवस्था भी सवालों के घेरे में आ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि नियमित निरीक्षण और जवाबदेही तय होती, तो ऐसी स्थिति पैदा नहीं होती।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या जनजातीय कार्य विभाग के सहायक आयुक्त इस मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वालों पर कार्रवाई करेंगे, या यह मामला भी जांच की फाइलों में दबकर रह जाएगा?
नोट: इस खबर में नियमित शिक्षकों और विभाग के संबंध में लगाए गए आरोप स्थानीय स्तर पर प्राप्त जानकारी और वायरल वीडियो के आधार पर हैं। इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि होना शेष है। संबंधित शिक्षकों एवं जनजातीय कार्य विभाग का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाना चाहिए।








