Home CITY NEWS आदिवासी छात्रों के हक पर डाका? छात्रावासों की बदहाली पर फूटा गोंडवाना...

आदिवासी छात्रों के हक पर डाका? छात्रावासों की बदहाली पर फूटा गोंडवाना गणतंत्र पार्टी का गुस्सा”

आदिवासी छात्रों के हक पर डाका? छात्रावासों की बदहाली पर फूटा गोंडवाना गणतंत्र पार्टी का गुस्सा”

गुणवत्ताहीन भोजन, अधीक्षकों के रात्रि में अनुपस्थित रहने और लापरवाही के आरोप; सहायक आयुक्त को सौंपा ज्ञापन, कार्रवाई का मिला आश्वासन
रिपोर्ट – रामकुमार राजपूत, छिंदवाड़ा

छिंदवाड़ा। जनजातीय कार्य विभाग द्वारा संचालित छात्रावासों की कथित बदहाल व्यवस्था को लेकर को गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने जिला मुख्यालय पर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि आदिवासी समाज के छात्र-छात्राओं को न तो गुणवत्तापूर्ण भोजन मिल रहा है और न ही छात्रावासों में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। कई छात्रावासों में भोजन में कीड़े और इल्ली निकलने जैसी शिकायतें सामने आई हैं, जबकि कई स्थानों पर घटिया भोजन परोसे जाने का आरोप लगाया गया।


धरने के दौरान वक्ताओं ने आरोप लगाया कि जिले के अनेक छात्रावासों में अधीक्षक रात्रि के समय छात्रावास में निवास नहीं करते और जिला मुख्यालय से आना-जाना करते हैं। इससे छात्रों की सुरक्षा गंभीर रूप से प्रभावित हो रही है। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि लापरवाही के कारण पूर्व में कई छात्र दुर्घटनाओं और अन्य घटनाओं का शिकार हो चुके हैं, लेकिन विभाग ने व्यवस्था सुधारने के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए।


गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने यह भी आरोप लगाया कि कई अधीक्षक वर्षों से एक ही छात्रावास में पदस्थ हैं, जिससे जवाबदेही समाप्त हो गई है और शासन के नियमों की अनदेखी की जा रही है। प्रदर्शनकारियों ने दोषी अधिकारियों एवं अधीक्षकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई, नियमित निरीक्षण तथा छात्रावासों की व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार की मांग की।


धरना-प्रदर्शन की सूचना मिलने पर सहायक आयुक्त सत्येंद्र सिंह मरकाम धरना स्थल पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से चर्चा की। उन्होंने आश्वासन दिया कि यदि किसी भी छात्रावास से लापरवाही या अनियमितता की शिकायत प्राप्त होती है तो संबंधित अधीक्षक को तत्काल हटाकर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

सत्येंद्र सिंह मरकाम

सहायक आयुक्त जनजाति कार्य विभाग छिंदवाड़ा

गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही छात्रावासों की व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ और आदिवासी छात्रों को गुणवत्तापूर्ण भोजन व आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई गईं, तो आंदोलन को पूरे जिले में और अधिक उग्र किया जाएगा।
(नोट: समाचार में लगाए गए आरोप गोंडवाना गणतंत्र पार्टी द्वारा लगाए गए हैं। विभाग की ओर से सहायक आयुक्त ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है।)