छिंदवाड़ा में बीयर पार्टी के दौरान दो युवतियों में खूनी संघर्ष, बीयर की बोतल से सिर पर हमला
थाई स्पा मसाज सेंटर में साथ काम करने वाली दोनों युवतियों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदला, एक युवती अस्पताल में भर्ती।
छिंदवाड़ा शहर में बीयर पार्टी के दौरान दो युवतियों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दोनों युवतियां एक-दूसरे से भिड़ गईं और आरोप है कि एक युवती ने दूसरी के सिर पर बीयर की बोतल से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
घायल युवती का उपचार शहर के क्लेरिस अस्पताल में चल रहा है। बताया जा रहा है कि दोनों युवतियां देहात थाना क्षेत्र स्थित एक थाई स्पा मसाज सेंटर में कार्यरत हैं। किसी बात को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों के बीच मारपीट शुरू हो गई।

पुलिस के अनुसार घायल युवती फिलहाल बयान देने की स्थिति में नहीं है। अधिकारियों का कहना है कि चिकित्सकीय रूप से स्थिति सामान्य होने के बाद उसका बयान दर्ज किया जाएगा, जिसके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। फिलहाल दोनों पक्षों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।








