Home CITY NEWS जनजातीय विभाग अलर्ट मोड में, स्कूलों को मिला सख्त एक्शन प्लान ,समीक्षा...

जनजातीय विभाग अलर्ट मोड में, स्कूलों को मिला सख्त एक्शन प्लान ,समीक्षा बैठक में सहायक आयुक्त मरकाम के कड़े निर्देश..

जनजातीय विभाग अलर्ट मोड में, स्कूलों को मिला सख्त एक्शन प्लान
समीक्षा बैठक में सहायक आयुक्त मरकाम के कड़े निर्देश—नामांकन से लेकर ई-अटेंडेंस, छात्रवृत्ति, साइकिल वितरण और जर्जर भवनों पर तत्काल कार्रवाई के आदेश

छिंदवाड़ा। नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत के साथ ही जनजातीय कार्य विभाग ने अपनी तैयारियों को लेकर सख्त रुख अपनाया है। शासकीय कन्या शिक्षा परिसर, छिंदवाड़ा में आयोजित विभागीय प्राचार्यों एवं विकासखंड शिक्षा अधिकारियों की समीक्षा बैठक में सहायक आयुक्त सतेन्द्र सिंह मरकाम ने स्पष्ट कहा कि विद्यार्थियों से जुड़े किसी भी कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में विभागीय हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी विद्यालयों के प्राचार्य, विकासखंड शिक्षा अधिकारी, सहायक संचालक (शिक्षा) एवं क्षेत्र संयोजक मौजूद रहे। बैठक के दौरान शैक्षणिक व्यवस्था, छात्र सुविधाओं और विभागीय योजनाओं की प्रगति की बिंदुवार समीक्षा की गई।


सहायक आयुक्त ने सभी विद्यालयों में 100 प्रतिशत नामांकन, समय पर पाठ्यपुस्तकों का वितरण, पात्र विद्यार्थियों को साइकिल उपलब्ध कराने, तथा ओटीआर, छात्रवृत्ति, ई-अटेंडेंस और अपार आईडी के सभी कार्य तय समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने चेताया कि इन कार्यों में किसी भी प्रकार की देरी स्वीकार नहीं होगी।


बैठक में अतिथि शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने, जर्जर विद्यालय भवनों का तत्काल चिन्हांकन कर विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा आवश्यकता पड़ने पर अन्य शासकीय भवनों में कक्षाएं संचालित करने के निर्देश दिए गए। सभी संस्थाओं में प्रभावी आपदा प्रबंधन व्यवस्था लागू करने पर भी जोर दिया गया।


इसके अलावा सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निराकरण, विद्यालयों में व्यापक पौधारोपण एवं पौधों का संरक्षण, तथा संकुल प्राचार्यों और विकासखंड शिक्षा अधिकारियों द्वारा अधीनस्थ विद्यालयों का नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक के समापन पर सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारियों को अपने-अपने विकासखंड की समेकित रिपोर्ट निर्धारित समय-सीमा में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। साथ ही विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और बेहतर शैक्षणिक वातावरण के लिए सभी अधिकारियों से समन्वय के साथ कार्य करने का आह्वान किया गया।