गुरुजी पर शराब के नशे में स्कूल पहुंचने का आरोप, बच्चों से अभद्रता की शिकायत; वीडियो वायरल
नर्मदापुरम।
जिन कंधों पर बच्चों का भविष्य संवारने की जिम्मेदारी है, उन्हीं पर अब गंभीर आरोप लगे हैं। नर्मदापुरम जिले के केसला ब्लॉक के रतिबंदर गांव के प्राथमिक शाला के शिक्षक गोपाल गिरी गोस्वामी के खिलाफ शराब के नशे में स्कूल पहुंचने और बच्चों के साथ अभद्र व्यवहार करने के आरोप में पुलिस जांच कर रही है ।
ग्रामीणों और अभिभावकों का आरोप है कि शिक्षक नशे की हालत में विद्यालय पहुंचे और आदिवासी बच्चों के साथ अनुचित व्यवहार किया। आरोप यह भी है कि बच्चों से जूते साफ करवाने जैसी आपत्तिजनक बातें कही गईं। घटना के बाद ग्रामीणों ने बच्चों से पूरी जानकारी ली और उन्हें साथ लेकर केसला थाने पहुंचे, जहां शिक्षक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई।
ग्रामीणों के सामने हाथ जोड़ता शिक्षक
मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं, तो यह केवल एक शिक्षक की लापरवाही नहीं बल्कि सरकारी शिक्षा व्यवस्था और बच्चों की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला माना जाएगा। अब सभी की नजर पुलिस जांच और शिक्षा विभाग की कार्रवाई पर टिकी है। बताया जा रहा है कि विभागीय स्तर पर भी मामले की जांच की जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। :::**








