Home CITY NEWS चौरई में दर्दनाक सड़क हादसा: अज्ञात वाहन की टक्कर से दो युवकों...

चौरई में दर्दनाक सड़क हादसा: अज्ञात वाहन की टक्कर से दो युवकों की मौत, एक गंभीर घायल

चौरई में दर्दनाक सड़क हादसा: अज्ञात वाहन की टक्कर से दो युवकों की मौत, एक गंभीर घायल
छिंदवाड़ा/चौरई। चौरई थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा सिद्धिविनायक लॉन के सामने उस समय हुआ, जब तीनों युवक बाइक से जामसांवरी से अपने गांव लौट रहे थे।
पुलिस के अनुसार, हर्ष यादव (22 वर्ष) पिता रवि यादव, प्रहलाद उईके (25 वर्ष) पिता केशलाल उईके एवं सत्यम वर्मा पिता विजयराम वर्मा, तीनों निवासी फुटेरा, मोहगांव खुर्द, शनिवार रात करीब 10:30 बजे बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान सिद्धिविनायक लॉन के सामने किसी अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसा इतना भीषण था कि हर्ष यादव और प्रहलाद उईके की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि सत्यम वर्मा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल छिंदवाड़ा रेफर किया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही चौरई पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने बताया कि हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि वाहन और चालक की पहचान कर जल्द से जल्द कार्रवाई की जा सके।
इस दर्दनाक हादसे से फुटेरा एवं मोहगांव खुर्द क्षेत्र में शोक की लहर है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं ग्रामीणों ने दुर्घटना के जिम्मेदार वाहन चालक को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।