यूरिया के ओवरलोड ट्रक बन रहे मौत का सामान! ब्रेक फेल होते ही मची चीख-पुकार, कार-बाइक को रौंदा, बड़ा हादसा टला
चांद (छिंदवाड़ा)। छिंदवाड़ा जिले में यूरिया से भरे ओवरलोड ट्रकों की बेलगाम आवाजाही अब लोगों की जान के लिए खतरा बनती जा रही है। शुक्रवार दोपहर चांद मेन रोड पर ऐसा ही एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया, जहां यूरिया से लदा एक ओवरलोड ट्रक अचानक ब्रेक फेल होने से अनियंत्रित होकर पीछे की ओर ढलान में लुढ़क गया और सड़क किनारे खड़ी कार व बाइक को बुरी तरह कुचल दिया। हादसा इतना भयावह था कि वाहनों के परखच्चे उड़ गए, लेकिन संयोग से उस समय उनमें कोई सवार नहीं था, जिससे एक बड़ी जनहानि टल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दोपहर करीब 2 बजे तेज धमाके की आवाज सुनते ही आसपास के लोग घरों और दुकानों से बाहर निकल आए। घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ ही देर में भारी भीड़ जमा हो गई। ट्रक की चपेट में आई कार पूरी तरह दब गई, जबकि बाइक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
जानकारी के अनुसार, ट्रक छिंदवाड़ा रैक से यूरिया लेकर चांद के एक व्यापारी के यहां पहुंचा था। माल उतारने के दौरान ट्रक ढलान पर खड़ा था। चालक ने वाहन आगे बढ़ाने की कोशिश की, तभी अचानक ब्रेक ने जवाब दे दिया और भारी-भरकम ट्रक तेजी से पीछे की ओर लुढ़कने लगा। चालक ने काफी प्रयास किया, लेकिन वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ट्रक सीधे पीछे खड़ी कार व बाइक पर चढ़ गया।
थाना प्रभारी रोकेश सिंह बघेल ने बताया कि प्रथम दृष्टया हादसे का कारण ट्रक के ब्रेक फेल होना सामने आया है। घटना में किसी व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है, हालांकि दोनों वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं। मामले की जांच की जा रही है।
प्रशासन पर उठे सवाल, कब रुकेगी ओवरलोड ट्रकों की रफ्तार?
इस घटना ने एक बार फिर जिले में ओवरलोड ट्रकों की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि खाद और अन्य सामान से क्षमता से अधिक भरे ट्रक रोजाना सड़कों पर दौड़ रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग कार्रवाई करने के बजाय मूकदर्शक बना हुआ है। यदि समय रहते ओवरलोड वाहनों पर सख्ती नहीं की गई, तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा कई परिवारों की खुशियां छीन सकता है।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि ओवरलोड ट्रकों की नियमित जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि सड़क पर चलने वाले लोगों की जान सुरक्षित रह सके।








