Home CITY NEWS जल जीवन मिशन के कार्य पर ग्रामीणों ने उठाए सवाल, अधूरी सड़क...

जल जीवन मिशन के कार्य पर ग्रामीणों ने उठाए सवाल, अधूरी सड़क और कीचड़ से बढ़ी परेशानी..!

जल जीवन मिशन के कार्य पर ग्रामीणों ने उठाए सवाल, अधूरी सड़क और कीचड़ से बढ़ी परेशानी..
चौरई (छिंदवाड़ा)। चौरई विकासखंड की ग्राम पंचायत देवर्धा कराघाट में जल जीवन मिशन के तहत संचालित हर घर नल-जल योजना के कार्य को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी देखी जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि योजना के तहत पाइपलाइन बिछाने के लिए गांव की सड़कों और गलियों की खुदाई तो की गई, लेकिन खुदाई के बाद मार्गों की समुचित मरम्मत नहीं कराई गई। इससे बारिश के दौरान पूरे गांव में कीचड़ और गंदगी फैल गई है तथा आवागमन में लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।


ग्रामीणों के मुताबिक कई स्थानों पर सड़कें अभी भी उखड़ी हुई हैं। स्कूल जाने वाले बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को रोजाना कीचड़ से होकर गुजरना पड़ रहा है। उनका कहना है कि योजना का कार्य भी अभी पूरी तरह पूर्ण नहीं हुआ है, जिससे लोगों को अपेक्षित लाभ नहीं मिल पा रहा है।
स्थानीय लोगों ने मांग की है कि संबंधित विभाग मौके का निरीक्षण कर अधूरे कार्य को शीघ्र पूरा कराए तथा जिन स्थानों पर सड़क और गलियां खोदी गई हैं, उन्हें पूर्व स्थिति में बहाल कराया जाए। ग्रामीणों का यह भी कहना है कि यदि समय रहते सुधारात्मक कार्रवाई नहीं की गई तो बरसात के दौरान स्थिति और गंभीर हो सकती है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मामले की जांच कराने, कार्य की गुणवत्ता का परीक्षण कराने तथा आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने की मांग की है, ताकि लोगों को आवागमन में हो रही परेशानियों से राहत मिल सके।
टीप -इस संबंध में संबंधित पीएचई विभाग का पक्ष प्राप्त नहीं हो सका। विभाग अधिकारी से दूरभाष पर बात नहीं पाई, विभाग का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।