शोभना नदी में अवैध रेत कारोबार पर खनिज विभाग का शिकंजा
दो ट्रैक्टर-ट्रॉली रेत सहित जब्त, कलेक्टर न्यायालय में चलेगा मामला
पांढुर्णा। जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो ट्रैक्टर-ट्रॉली रेत सहित जब्त की हैं। सौंसर तहसील के ग्राम बिछुआबग्गु स्थित शोभना नदी में अवैध रूप से रेत का उत्खनन कर परिवहन किया जा रहा था। सूचना मिलने पर खनिज विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की, जिससे अवैध खनन करने वालों में हड़कंप मच गया।
खनिज विभाग द्वारा क्षेत्र निरीक्षण के दौरान ट्रैक्टर-ट्रॉली क्रमांक MP-28-AC-8158 एवं MP-28-AD-2567 को अवैध रूप से रेत का परिवहन करते हुए पकड़ा गया। जांच में किसी भी प्रकार के वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके, जिसके बाद मध्यप्रदेश खनिज नियमों के तहत दोनों वाहनों को रेत सहित जब्त कर लिया गया।
जब्त किए गए दोनों ट्रैक्टर-ट्रॉली को शासकीय अभिरक्षा में पुलिस थाना सौंसर परिसर में खड़ा कराया गया है। मामले में खनिज नियमों के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर लिया गया है तथा आरोपियों पर नियमानुसार जुर्माना अधिरोपित करने के लिए प्रकरण कलेक्टर न्यायालय, पांढुर्णा भेजा जाएगा, जहां अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
कार्रवाई के दौरान सहायक खनि अधिकारी महेश नगपुरे एवं खनिज विभाग का अमला मौजूद रहा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन और खनिज परिवहन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध भविष्य में भी इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
गौरतलब है कि पांढुर्णा जिले की नदियों से लगातार अवैध रेत उत्खनन की शिकायतें सामने आती रही हैं। प्रशासन की इस कार्रवाई को अवैध खनन माफिया के खिलाफ सख्त संदेश माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा एवं राजस्व की हानि रोकने के लिए जिलेभर में अभियान लगातार जारी रहेगा।








